रायसेन में किसानों के खेतों से कृषि यंत्र चोरी:आधा दर्जन किसानों ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई

रायसेन थाना कोतवाली क्षेत्र के ताजपुर में अज्ञात चोरों ने किसानों के खेतों से कृषि उपकरण चोरी कर लिए। यह घटना 5 अक्टूबर की रात को हुई, जिसका खुलासा मंगलवार सुबह किसानों के खेत पहुंचने पर हुआ। किसानों ने तत्काल थाना कोतवाली पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बोरवेल से केबल और बैटरी चुराई चोरों ने कृषि उपकरणों में बोरवेल से केबल और कुछ बैटरी चुराई है। चोरों ने किसान चंद्रपाल यादव की 1000 फीट केबल, राजीव यादव की 150 फीट, रूप सिंह की 150 फीट, मनफूल की 200 फीट, राहुल यादव की 100 फीट, मनमोहन यादव की 150 फीट, रामपाल की 200 फीट, इंद्रपाल की 100 फीट और चंद्रभान की 150 फीट केबल की चोरी की है। इसके अलावा, गोपाल की 200-200 फीट रस्सी और केबल तथा अरविंद यादव की दो बैटरी और चेक व्हील भी चोरी हो गए। किसानों ने बताया कि वे अपने खेतों पर गए, तो उन्होंने देखा कि बोरवेल से केबल गायब है। आसपास में तलाशने और लोगों से जानकारी लेने के बावजूद भी चोरों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सभी पीड़ित किसान थाना कोतवाली पहुंचे और चोरी की वारदात की शिकायत दर्ज कराई। किसानों ने एक व्यक्ति पर संदेह जताया किसानों ने अपनी शिकायत में एक व्यक्ति पर संदेह व्यक्त किया है, जो ताजपुर महल झुग्गी बस्ती का निवासी है। किसानों के अनुसार, 5 अक्टूबर को दिन के समय युवक को खेतों के पास, तालाब और बाड़े के पास आते-जाते देखा गया था। किसानों को आशंका है कि इसी व्यक्ति ने चोरी की इस घटना को अंजाम दिया है। किसानों ने पुलिस प्रशासन से मौके पर जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने यह भी आशंका जताई है कि अज्ञात चोर भविष्य में भी उन्हें नुकसान पहुंचा सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *