मेट्रो की ब्लू लाइन भदभदा चौराहे से रत्ना​गिरी तिराहे तक…:भोपाल पुलिस की आपत्ति के बाद अब मेट्रो प्रबंधन ने लिया फैसला

VVIP सुरक्षा को खतरा न हो, इसलिए 3 मेट्रो स्टेशन की लोकेशन बदलेगी रत्नागिरी से भदभदा चौराहा के बीच बन रही मेट्रो की ब्लू लाइन के तीन स्टेशन का साइट एडजस्टमेंट किया जाएगा। भोपाल पुलिस की आपत्ति के बाद मेट्रो प्रबंधन ने यह फैसला किया है। इनमें लाल परेड ग्राउंड, कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (केटीसीसी) और रोशनपुरा चौराहा स्टेशन शामिल हैं। इन तीनों स्टेशन के मौजूदा डिजाइन को देखकर भोपाल पुलिस ने वीआईपी-वीवीआईपी सुरक्षा में खतरा माना था। ऐसा इसलिए, क्योंकि प्रधानमंत्री के भोपाल दौरे के समय लाल परेड ग्राउंड में ही हेलिपैड बनाया जाता है। ऐसे ही रोशनपुरा स्टेशन का पिछला हिस्सा राजभवन की बाउंड्री के सामने (20 मीटर तक) पड़ रहा है। जबकि केटीसीसी स्टेशन का एक हिस्सा कन्वेंशन सेंटर की बाउंड्री के अंदर तक पहुंच रहा था। यहां भी मुख्यमंत्री के साथ-साथ प्रदेश के बड़े राजनेताओं की मौजूदगी में सरकारी आयोजन होते रहते हैं। 13 किमी लंबे रूट पर 550 स्थानों पर हो रही सॉयल टेस्टिंग
भदभदा चौराहा से रत्नागिरी तिराहा के बीच करीब 13 किमी लंबे मेट्रो ट्रैक पर चलने वाली ब्लू लाइन के लिए 550 स्थानों पर सॉयल टेस्टिंग का काम जारी है। करीब 1006 करोड़ रुपए खर्च कर बन रही ब्लू लाइन की शुरुआत रत्नागिरी तिराहा से जियो टेक्नीकल इन्वेस्टिगेशन (जीटीआई) करके की गई थी। मिट्टी का यह परीक्षण अब राजभवन के सामने से होते हुए डिपो चौराहा के आगे तक पहुंच गया है। इससे मेट्रो के एलिवेटेड ट्रैक के पिलर कहां बनेंगे और नींव कहां-कहां बनाई जाएगी, इसका पता चल जाएगा। फिलहाल 300 से ज्यादा स्थानों पर सॉयल टेस्टिंग की जा चुकी है, जिसके सैंपल लैब में भेजे गए हैं। यहां से आ रहीं रिपोर्ट के आधार पर डिपो चौराहा स्टेशन और जेके रोड स्टेशन की पाइल फाउंडेशन (नींव) का काम शुरू कर दिया गया है। संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा मानकों के साथ बनते हैं मेट्रो स्टेशन ब्लू लाइन के 14 स्टेशन: भदभदा चौराहा, डिपो चौराहा, जवाहर चौक, रोशनपुरा चौराहा, केटीसीसी, परेड ग्राउंड, प्रभात चौराहा, गोविंदपुरा, गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र, जेके रोड, इंद्रपुरी, पिपलानी व रत्नागिरी तिराहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *