डौंडी | थाना डौंडी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नर्राटोला में सोमवार देर रात दल्लीराजहरा निवासी 22 वर्षीय युवक इरफान हुसैन को ग्रामीणों ने चोरी करते रंगे हाथों पकड़ लिया। युवक एक घर में चोरी की नीयत से घुसा था और घर में रखी पेटी को तोड़कर 6 हजार रुपए पार कर रहा था। घर में संदिग्ध हलचल की आवाज सुनकर जागे परिवार वालों और आसपास के ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और मौके पर ही जमकर पिटाई की। इसके बाद सूचना डौंडी पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी इरफान हुसैन ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि कुछ दिन पूर्व दो नाबालिग साथियों के साथ ग्राम चिखली में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उन्होंने 20 हजार रुपए नकद और कुछ आभूषण चोरी किए थे, जिसे बाद में दल्लीराजहरा और चिखली के बीच जंगल में गड्ढा खोदकर छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी इरफान हुसैन के विरुद्ध धारा 331 (4)305, A 3( 5) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया।


