प्रशासन ने 1700, अफसरों ने 100 तो डीसी ने खुद 10 टीबी मरीजों को भोजन-दवा उपलब्ध करवाने का जिम्मा उठाया

भास्कर न्यूज | अमृतसर डीसी साक्षी साहनी ने बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 100 दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत प्रशासन ने 1700 तो अफसरों ने 100 और डीसी ने खुद 10 टीबी मरीजों को भोजन और दवा उपलब्ध कराने का जिम्मा उठाया है। मरीजों के लिए हेल्पलाइन नंबर 0183-2422155 और मोबाइल नंबर 9056454988 जारी किया गया है। इस संबंध में आयोजित समागम में डीसी ने “जन-जन का ख्याल रखें, टीबी मुक्त भारत अभियान और सब साथ हैं तो टीबी देंगे’ मात के नारे दिए गए। डीसी ने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। हर टीबी मरीज का रिकॉर्ड रखा जाएगा। विशेषज्ञों की सलाह से उचित खुराक दी जाएगी। प्रशासन की ओर से विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, रेडक्रॉस, धार्मिक संगठनों और दानदाताओं के सहयोग से हर माह आर्थिक तौर पर असमर्थ मरीजों को भोजन उपलब्ध कराएगा। पूरी कोशिश है कि गुरुनगरी टीबी खत्म करने वाला देश का पहला जिला बन सके। जिले में मौजूद पांच हजार से अधिक मरीजों को उनके निवास स्थान के अनुसार मैपिंग करने के भी निर्देश दिए हैं। ताकि आशा वर्करों व अन्य कर्मचारियों को उनके क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए ऐसे मरीजों को दवा और भोजन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी जा सके। मरीज को उसकी दैनिक दवा लेने के लिए मोबाइल फोन पर दो बार संदेश भेजा जाएगा। दवा खत्म होने पर भी मैसेज जाएंगे। जेल में बंद कैदियों में से टीबी के मरीजों की पहचान सुनिश्चित कर उनका इलाज भी सुनिश्चित किया जायेगा। डीसी ने लोगों से इस नेक काम के लिए आगे आने की अपील की। अपने जन्मदिन, शादी की सालगिरह आदि पर टीबी मरीजों को गोद लें, ताकि यह दिन उनके लिए यादगार बन सकें। जो भी मरीजों को गोद लेना चाहते हों नि-क्षय पोर्टल पर पंजीकरण कराकर मदद कर सकते हैं। समाज के सभी लोगों को मिलजुल कर काम करना होगा तभी टीबी मुक्त भारत अभियान सफल होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *