रामपुर में ‘से टू नो ड्रग्स’ अभियान की रैली:नशा मुक्त समाज का संकल्प, एसडीएम बोले- नशे से दूर रहें युवक

शिमला जिले में रामपुर प्रशासन की ओर से ‘से टू नो ड्रग्स’ अभियान के तहत एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य नशा-मुक्त समाज के संकल्प को मजबूत करना था। रैली पीजी कॉलेज रामपुर से शुरू हुई, जिसे एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह नेगी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान डीएसपी नरेश शर्मा भी मौजूद रहे। रैली में सरकारी और निजी स्कूलों के छात्र-छात्राओं, महिला मंडलों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सेवानिवृत्त कर्मचारियों, आईटीआई, वोकेशनल संस्थानों, सामाजिक संस्थाओं, रक्तदान सेवा परिवार सोसाइटी और विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों तथा खेल संगठनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने जागरूकता संदेशों वाली तख्तियां लेकर समाज से नशा छोड़ने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने का आह्वान किया। युवाओं को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया रैली का समापन पदम स्कूल प्रांगण में हुआ। यहां एसडीएम ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि नशा एक बीमारी है और इसका उपचार संभव है। सही इलाज और सहयोग से व्यक्ति सामान्य जीवन में लौट सकता है। इस अवसर पर डॉ. अंकिता और थाना प्रभारी आशीष कौशल ने युवाओं को नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक और सामाजिक क्षति के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने नशा-मुक्त समाज बनाने के लिए जागरूक रहने का संदेश दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *