प्रधानमंत्री कार्यालय ने शहर के साइंस कॉलेज मैदान में केवल खेल गतिविधियों के संचालन की मांग पर गंभीरता दिखाई है। यह कदम रायपुर निवासी नागेंद्र ब्रम्हभट्ट द्वारा भेजे गए पत्र के आधार पर उठाया गया है। पीएमओ ने मामले की विस्तृत जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित मंत्रालय को निर्देश भेजे हैं। आपको बता दें कि साइंस कॉलेज मैदान उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत आता है। रायपुर के नागेंद्र ब्रम्हभट्ट ने प्रधानमंत्री कार्यालय को लिखा था पत्र नागेंद्र ब्रम्हभट्ट ने पीएमओ को भेजे पत्र में लिखा था कि साइंस कॉलेज मैदान रायपुर शहर का प्रमुख खेल केंद्र है, जहां हर दिन बड़ी संख्या में खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। लेकिन, वर्ष में लगभग 4-5 महीने मैदान का उपयोग व्यावसायिक कार्यक्रमों और राजनीतिक सभाओं के लिए होने से मैदान की सतह खराब हो जाती है, जिससे खिलाड़ियों के अभ्यास पर बुरा असर पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि बड़े सार्वजनिक और व्यावसायिक आयोजन रायपुर के नवा रायपुर जैसे विकसित क्षेत्रों में किए जा सकते हैं, जहां खेल गतिविधियों और यातायात पर कोई विपरीत प्रभाव नहीं होता। इसलिए, साइंस कॉलेज मैदान को केवल खेल संबंधित गतिविधियों के लिए आरक्षित किया जाना चाहिए। पीएमओ ने इस मांग को दर्ज कर संबंधित मंत्रालय को अग्रेषित किया है। पीएमओ ने मंत्रालय से इस मामले पर रिपोर्ट भी मांगी है।


