भास्कर न्यूज | हजारीबाग आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित सेवा का अधिकार सप्ताह को लेकर उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह काफी गंभीर हैं । उन्होंने उक्त कार्यक्रम के दौरान प्राप्त आवेदनों के सुनियोजित व त्वरित निष्पादन को लेकर रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अधिकारियों से संवाद किया वस्तु स्थिति को जाना और कई आवश्यक निर्देश दिए। उपायुक्त ने अब तक आयोजित शिविरों के अवलोकन के आधार पर महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि सेवा का अधिकार सप्ताह मुख्य रूप से विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्रों,विशेषकर विद्यार्थियों के जाति, आय व आवासीय प्रमाण पत्र के निर्गतीकरण पर केंद्रित है। उन्होंने शिक्षा विभाग को इस दिशा में योजनाबद्ध व संवेदनशील तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि छात्रों को आवश्यक प्रमाण पत्र समय पर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने 21 नवंबर से प्रारंभ हुए शिविरों में विष्णुगढ़ प्रखंड व चलकुशा प्रखंड द्वारा किए गए कार्य को अपेक्षाकृत बेहतर बताते हुए उनकी सराहना की और आगे भी इसी तत्परता एवं योजना के साथ अन्य प्रखंडों को भी कार्य जारी रखने को कहा।इस अवसर पर उप विकास आयुक्त इश्तियाक अहमद ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न शिविरों में अब तक के निष्कर्षों, अनुभवों एवं प्रगति की चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाते हुए सेवा की गुणवत्ता और गति में और अधिक सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध निष्पादन किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि सेवा का अधिकार सप्ताह का उद्देश्य लोगों को उनकी दहलीज पर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना पूर्णतः सफल हो।


