जालंधर| ‘लक्खां तर गए लक्खां ने तर जाणा, जिन्नां ने राम नाम जपेया’, ‘राम नाम दा प्याला, पीवे करमां वाला’ समेत कई भजनों से रविवार को श्रीरामशरणम् आश्रम गुरु महाराज के रंग में रंग गया। दो दिवसीय संकीर्तन के दूसरे दिन दोपहर 3:15 से 4:30 बजे तक मां दर्शी जी के दर्शन करके श्रद्धालु निहाल हो गए। भोर होते ही आयोजन स्थल पर चहलपहल शुरू हो गई थी। सुबह के नौ बजते-बजते भारी संख्या में साधक जुटने लगे। संगीतबद्ध श्रीराम भजनों से पूरा आयोजन स्थल गूंजने लगा। आयोजन को लेकर श्री रामभक्तों का उत्साह देखते ही बना। मां जी ने अंधकार से प्रकाश की तरफ और नश्वर से शाश्वत की तरफ ले जाने व लोगों के जीवन से लुप्त होते धार्मिक संस्कारों को पुन: जगाने के लिए किए जा रहे अमृतवाणी संकीर्तन एवं शुभ-प्रवचन का भरपूर आनंद उठाते हुए सभी साधकों ने अध्यात्मिक ज्ञान की प्राप्ति कर श्रीराम भक्ति का रसपान किया। सत्संग के बाद नाम दीक्षा दी गई। आगमन पर मां जी के दर्शन के लिए खड़े श्रद्धालु।


