राजसमंद कलेक्टर बालमुकुंद असावा एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा ने उद्यान विभाग द्वारा आयोजित कृषि एवं उद्यानिकी गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने डुमखेड़ा स्थित किसान जगदीश गुर्जर के खेत पर अटल भूजल योजना के तहत चना मिनि किट प्रदर्शन तथा खेत की मेड़ पर फलदार पौधा रोपण कार्यक्रम का अवलोकन किया। इसके बाद किसान श्रवण कुमार जाट के जोधपुरा स्थित खेत पर निर्माणाधीन शेड नेट हाउस का निरीक्षण भी किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे खेत तलाई निर्माण और जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषकों को प्रोत्साहित करें। कलेक्टर ने किसानों से अपील कि वे कृषि और उद्यान विभाग की योजनाओं का पूरा लाभ अवश्य उठाएं, जिससे उत्पादन में वृद्धि हो सके। उन्होंने किसानों को सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया और बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से वे बेहतर कृषि तकनीकों, उन्नत बीज, खाद, और सिंचाई सुविधाओं का उपयोग कर सकते हैं, जिससे उनकी फसलों की उत्पादकता में वृद्धि होगी। उन्होंने किसानों को जैविक खेती, कृषि यंत्रीकरण और उन्नत उद्यानिकी कार्यों को अपनाने की सलाह दी है जिससे कि किसान अपनी आय को बढ़ा सकें और आत्मनिर्भर बन सकें।


