रायपुर रेलवे स्टेशन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर खड़े होकर ट्रेन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि रेलवे ने एग्जीक्यूटिव पेड लाउंज के लिए टेंडर फाइनल कर दिया है। स्टेशन पर यह सुविधा एक सप्ताह के भीतर शुरू हो जाएगी। एग्जीक्यूटिव पेड लाउंज में यात्रियों को एक घंटे के लिए 30 और दो घंटे के लिए 60 रुपए देने होंगे। यह लाउंज पूरी तरह वातानुकूलित होगा, जिसमें आरामदायक एर्गोनॉमिक कुर्सियां, टीवी, खाने-पीने की व्यवस्था, वाई-फाई, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा यात्री यहां योग और ध्यान भी कर सकेंगे। हेल्दी ड्रिंक और हेल्दी फूड कैफे भी लाउंज का हिस्सा होंगे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, टेंडर फाइनल हो गया है और कंपनी जल्द काम संभाल लेगी। यह लाउंज प्लेटफॉर्म-1 पर बनाया जा रहा है। भीड़ से मिलेगी राहत रायपुर स्टेशन हावड़ा–मुंबई मार्ग का प्रमुख स्टेशन है। यहां चार वेटिंग हॉल हैं-दो एसी और दो नॉन एसी-जिनमें कुल 1200 से ज्यादा यात्री रुक सकते हैं। लेकिन त्योहारों में यात्रियों की संख्या 70 हजार से बढ़कर एक लाख तक पहुंच जाती है, जिसके कारण वेटिंग हॉल अक्सर भर जाते हैं। ट्रेनें लेट होने पर यात्री जगह-जगह बैठने को मजबूर हो जाते हैं।


