भास्कर न्यूज| लुधियाना थरीके रोड स्थित श्री स्वामीनारायण मंदिर में हुए सत्संग समारोह में नवग्रह शांति की महापूजा, भजन संध्या, गुरु आनंद स्वामी महाराज का प्रेरणादायक प्रवचन दिया। इस प्रवचन में सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। सभी ने इस कार्यक्रम को एक भव्य आध्यात्मिक आयोजन बना दिया। कार्यक्रम में निष्क्रम स्वामी, नित्य स्वरूप स्वामी, वासुदेव स्वामी, ज्ञानेश्वर स्वामी, विश्व स्वरूप स्वामी, माधव स्वामी और अक्षर स्वामी ने भजनों से माहौल को भक्तिमय बनाया। महापूजा में श्रद्धालुओं ने विश्व शांति और सभी प्राणियों के कल्याण की कामना की। उसके बाद भजन संध्या में मधुर प्रस्तुतियों ने सभी को भक्ति में डूबो दिया। गुरु आनंद स्वामी महाराज ने अपने प्रवचन में मनुष्य जन्म के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 84 लाख योनियों के बाद मनुष्य शरीर मिलता है और इसी लोक में मोक्ष का मार्ग संभव होता है। उन्होंने बताया कि ब्रह्मज्ञानी संतों की कृपा, सत्संग और गुरु वचनों का पालन ही मोक्ष साधना का सबसे आसान मार्ग है। उन्होंने गृहस्थ जीवन में आध्यात्मिकता के महत्व को समझाया और कहा कि परिवार, समाज और कर्तव्यों का पालन करते हुए भी साधना की जा सकती है। गुरु महाराज ने सभी से आग्रह किया कि हर नई पीढ़ी को ईश्वर, गुरु और सत्संग का मार्ग अवश्य दिया जाए। उन्होंने कहा कि यही अगली पीढ़ी के लिए सबसे बड़ा उपकार है। कार्यक्रम में डॉ. अश्विनी सिंगला, प्रवीण भार्गव, डॉ. शिव शर्मा, अमित शुक्ला, जितेंद्र पौद्दार, शिव गर्ग, विमल शर्मा और नरेश सिंगला सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।


