लुधियाना। भाषा विभाग पंजाब की ओर से स्थानीय मालवा सेंट्रल कॉलेज ऑफ एजुकेशन फॉर वुमन में स्कूली छात्र के लिए राज्य स्तरीय साहित्य सृजन और कविता गायन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें सभी वर्गों में लड़कियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। विभाग के निदेशक जसवंत सिंह जफर की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में शिरोमणि बाल साहित्यकार कमलजीत नीलों मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। स्वागत भाषण में जसवंत सिंह जफर ने कहा कि बच्चों को साहित्य, संस्कृति और कला से जोड़ने के लिए ऐसे कार्यक्रम बेहद जरूरी हैं, क्योंकि यह प्रतियोगिताएं बच्चों में रचनात्मकता, संवेदनशीलता और समाज के प्रति सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने अभिभावकों और टीचरों से अपील की कि वे बच्चों को ऐसे आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। मुख्य अतिथि कमलजीत नीलों ने बच्चों के साथ अपने मशहूर बाल गीत सों जा बब्बुआ, झावां, घूर न वे बाबला और दादी–पोती संवाद प्रस्तुत कर माहौल को प्रफुल्लित कर दिया। जिला भाषा अधिकारी डॉ. संदीप शर्मा ने सभी मेहमानों और प्रतिभागियों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. सतविंदर सिंह चीमा की पुस्तक समकालीन भारत में शिक्षा भी लोकार्पित की गई। कविता गायन प्रतियोगिता में हरशीन कौर (लुधियाना) पहला, मनकीरत कौर (श्री मुक्तसर साहिब) दूसरा और भाविका (फाजिल्का) तीसरा स्थान पर रहीं। प्रतियोगियों ने शिव कुमार बटालवी, सुरजीत पातर, नंद लाल नूरपुरी, संत राम उदासी सहित कई प्रसिद्ध कवियों की रचनाएं प्रस्तुत कीं। जजों में तृलोक चन लोची, दमनदीप कौर और रणधीर कंवल शामिल रहे। कविता लेखन में अंशिका पुण (एसबीएस नगर) ने पहला, हरनूर कौर (फरीदकोट) ने दूसरा और जसमीन कौर (जालंधर) ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कहानी लेखन में हर्नूर कौर (एसबीएस नगर) पहले, मनकर्णजोत कौर (फरीदकोट) दूसरे और गुरलीन कौर (संगरूर) तीसरे स्थान पर रहीं। लेख लेखन में नवदीप कौर (बठिंडा) को पहला, महकप्रीत कीर (बरनाला) को दूसरा और संतोष (गुरदासपुर) को तीसरा स्थान मिला। सभी विजेताओं को क्रमशः 2000, 1500 और 1000 रुपये के नकद पुरस्कार, मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।


