70 ज्योति मित्र सहयोगियों को किया सम्मानित:शाइन इंडिया फाउंडेशन के प्रयास पूरे राजस्थान के लिए प्रेरणादायक व सराहनीय

नेत्रदान, अंगदान और देहदान के लिए कार्य कर रही संस्था शाइन इंडिया फाउंडेशन की ओर से जवाहर नगर, कोटा के निजी सभागार में ‘संभाग स्तरीय उत्कृष्ट समाज सेवा सम्मान कार्यक्रम’ आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि गोयल ग्रुप के संस्थापक ताराचंद गोयल, अध्यक्षता आलोक कुमार, विशिष्ट अतिथि पूर्व पुलिस महानिदेशक कपिल गर्ग रहे। संस्थापक सचिव डॉ. संगीता गौड़ ने बताया कि कार्यक्रम में हाड़ौती संभाग में झालावाड़ से बादल अग्रवाल व नितिन कटारिया और झालरापाटन से अजय गोयल (मोमिया) सहित संभाग के अन्य 70 ज्योति मित्र सहयोगियों को प्रशस्ति पत्र व शाइन ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इनके सहयोग, समर्पण से ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्रदान के कार्य को बढ़ावा मिला है। इसके साथ ही शहर के भी ऐसे सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया, जिन्होंने संस्था के नेत्रदान अभियान को राष्ट्रीय से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में मदद की है। कॉर्निया ट्रांसप्लांट से हुए लाभान्वित व्यक्ति सुदर्शन अरोरा भी मौजूद थे, जिन्होंने बताया कि यदि नेत्रदान के माध्यम से उनको कॉर्निया प्राप्त नहीं होता, तो शायद वह दोबारा यह सुंदर दुनिया नहीं देख पाते। मुख्य अतिथि ताराचंद गोयल ने कहा कि नेत्रदान जैसे पुनीत कार्य को करने से न सिर्फ नेत्रदाता को मोक्ष प्राप्ति होती है, बल्कि परिवार के सदस्यों को भी इसका पुण्य लगता है कि उन्होंने अंतिम समय में अपने दिवंगत परिजन का नेत्रदान करवा कर किन्हीं दो दृष्टि बाधित लोगों को रोशनी प्रदान करने में सहयोगी किया है। कपिल गर्ग ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि संस्था के द्धारा किए कार्यों से प्रेरित होकर लोग अंगदान नेत्रदान की मुहीम में जुड़ते चले जा रहे हैं। इनके प्रयास पूरे राजस्थान के लिए प्रेरणादायक व सराहनीय हैं। डॉ. गौड़ ने नेत्रदान के क्षेत्र में जिस तरह से रोचक और अनूठे प्रयोग किया जा रहे हैं। इस तरह का कार्य पूरे राजस्थान में कहीं नहीं किया जाता है। समारोह के उपरांत कोटा के वरिष्ठ कलाकार गीतांजलि ग्रुप के सहयोग से संगीत संध्या का आयोजन किया, जिसमें भोपाल से आई मशहूर गायिका श्रीजा उपाध्याय ने भी अपने गीतों के माध्यम से सुंदर व मनमोहक प्रस्तुति दी। संगीत संध्या के मध्य में मंदाकिनी दाधीच, सिमरन कंवर और नेहा गौतम की भी नृत्य की प्रस्तुति हुई। संचालन उद्घोषिका नीता डांगी और डॉ कमल गौतम ने किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *