वन विभाग ने 4 ग्रामीणों के मकान तोड़े:नाराज लोगों ने कार्यालय घेरा, 4 दिन में जांच का आश्वासन मिला

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खड़गवां में वन विभाग ने चार ग्रामीणों करीमन बैगा, राजेंद्र प्रधान, नागेंद्र तिर्की और रामप्रसाद के मकानों पर बुलडोजर चलाया। इस कार्रवाई से नाराज कांग्रेस नेताओं और ग्रामीणों ने देर शाम खड़गवां वन परिक्षेत्र कार्यालय का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए खड़गवां थाना प्रभारी सुनील तिवारी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को चार दिनों के भीतर मामले की जांच करने का आश्वासन दिया है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने चेतावनी दी है कि यदि वन विभाग ने जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की, तो 27 नवंबर को मनेन्द्रगढ़ आ रहे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव को कांग्रेस काला झंडा दिखाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि 28 नवंबर को पीड़ित समाज के लोगों के साथ खड़गवां वन परिक्षेत्र कार्यालय का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने मनेन्द्रगढ़ विधानसभा के विधायक और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं और मंत्री के रिश्तेदारों ने वन विभाग की भूमि पर कब्जा किया है, लेकिन प्रशासन उन पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। इसके विपरीत, गरीब और अति पिछड़े धनुहर समाज के लोगों को, जिन्हें शासन से पट्टा मिला है, उनके मकानों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। 4 मकानों में एक अति पिछड़ी जाति धनुहर समाज का है .

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *