अमृतसर में पंजाब इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो (PITEX-2025) के 19वें संस्करण का उद्घाटन देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 5 दिसंबर, 2025 को करेंगे। यह आयोजन अमृतसर के रंजीत एवेन्यू में होगा, जिसमें हजारों उद्योगपति, निवेशक और व्यापारिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) के वरिष्ठ पदाधिकारी, उपाध्यक्ष संजय सिंघानिया, पंजाब चैप्टर के चेयरमैन करण गिल्होत्रा और डिप्टी सेक्रेटरी जनरल नवीन सेठ ने नई दिल्ली में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया और पीटेक्स की उपलब्धियों, इसके बढ़ते अंतरराष्ट्रीय प्रभाव तथा पंजाब में निवेश को बढ़ावा देने में इसकी भूमिका की विस्तृत जानकारी दी। श्री कोविंद ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए एक्सपो के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं। उत्तर भारत का प्रभावशाली व्यापार मेला बता दें कि, हर साल आयोजित होने वाला पीटेक्स, उत्तर भारत का सबसे बड़ा और सबसे प्रभावशाली व्यापार मेला माना जाता है। इसका आयोजन पीएचडीसीसीआई द्वारा किया जाता है, जिसमें पंजाब सरकार मेजबान राज्य के रूप में सहयोग करती है। इस एक्सपो में देश-विदेश के सैकड़ों उद्योग, स्टार्टअप, निर्यातक, आयातक, बड़े कॉर्पोरेट समूह हिस्सा लेते हैं। यह मंच व्यापारिक नेटवर्किंग, नए सहयोग, निवेश संभावनाओं, उपभोक्ता उत्पादों और तकनीकी नवाचारों के लिए महत्वपूर्ण है। पांच दिवसीय यह विशाल ट्रेड एक्सपो 4 से 8 दिसंबर, 2025 तक चलेगा। इन क्षेत्रों के उद्यमी लगाएंगे प्रदर्शनी इसमें टेक्सटाइल, हैंडीक्राफ्ट, ऑटोमोबाइल, कृषि उत्पाद, IT तथा पर्यटन जैसे विभिन्न सेक्टरों से जुड़े प्रदर्शक अपने उत्पाद और सेवाओं का प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान बिजनेस मीटिंग्स, B2B इंट्रैक्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और निवेश संबंधी विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। पीएचडीसीसीआई ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा उद्घाटन के लिए सहमति देने पर आभार व्यक्त किया है। संस्था का मानना है कि उनकी उपस्थिति से एक्सपो की प्रतिष्ठा बढ़ेगी और पंजाब के व्यापार तथा निवेश माहौल को प्रोत्साहन मिलेगा।


