धौलपुर पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर 72 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी नसरुद्दीन खान के रूप में हुई है। पुलिस ने गहन जांच और सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसे पकड़ा। यह मामला 25 अगस्त 2025 को धौलपुर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी बलदेव शर्मा (67) द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के बाद सामने आया। बलदेव शर्मा ने बताया कि 24 अगस्त 2025 को उनका बेटा अश्वनी कुमार धौलपुर के जगदीश तिराहे स्थित एसबीआई एटीएम से पैसे निकालने गया था। वहां एक अज्ञात व्यक्ति ने पिन डालते समय उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। थाना प्रभारी अमित शर्मा ने जानकारी दी कि आरोपी ने एटीएम कार्ड साफ करने के बहाने बलदेव शर्मा के बेटे से कार्ड लिया और उन्हें अमन वर्मा नाम के व्यक्ति का कार्ड थमा दिया। इस धोखाधड़ी के बाद बलदेव शर्मा के खाते से कुल 72 हजार रुपए निकाल लिए गए। पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 (4) और 303 (2) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने एटीएम और अभय कमांड के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज की मदद से आरोपी द्वारा इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन नंबर की जानकारी मिली, जिससे उसकी पहचान संभव हो सकी। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर गठित टीम ने आरोपी नसरुद्दीन खान (30), पुत्र नन्हे खान, निवासी चिरचिटा, थाना सलेमपुर, जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।


