सरकारी कॉलेज खैरथल में स्टूडेंट्स के लिए एक विशेष जागरूकता निर्माण सेमिनार का आयोजन किया गया। यह आयोजन आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा, राजस्थान, जयपुर के आदेशानुसार प्रतिमाह होने वाले जागरूकता कार्यक्रम का हिस्सा था। सेमिनार में जल जीवन मिशन, जलदाय विभाग, पंचायत समिति किशनगढ़ बास की आई.एस.ए. प्रबंधक अंजू कुमारी ने ‘हर घर नल, हर घर जल’ परियोजना पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2019 को लाल किले से इस मिशन की घोषणा की थी। इसका मुख्य उद्देश्य प्रत्येक घर में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना और फ्लोराइड युक्त जल से होने वाली बीमारियों से लोगों को बचाना है। अंजू कुमारी ने स्टूडेंट्स को जल ग्रहण विकास, ड्रेनेज सिस्टम, बांधों, तालाबों के महत्व, जल संरक्षण और भू-संरक्षण के साथ-साथ भूमिगत जल स्तर बढ़ाने के विभिन्न साधनों के उपयोग के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। कॉलेज की प्रोफेसर डॉ. नीतू जेवरिया ने बताया कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस जागरूकता कार्यक्रम के तहत स्टूडेंट्स को जल संरक्षण, भू-संरक्षण और भूमिगत जल ग्रहण विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देकर लाभान्वित किया गया। डॉ. दीपक कुमार चंदवानी ने जल संरक्षण की विभिन्न विधियों पर जानकारी साझा की। इस मौके पर ‘नई किरण नशा मुक्त भारत अभियान’ कार्यक्रम के तहत स्टूडेंट्स को शपथ भी दिलाई गई। सेमिनार का आयोजन राजवीर सिंह मीणा ने किया। कार्यक्रम के दौरान संकाय सदस्य मीठालाल रैगर और स्टाफ सदस्य आशीष शर्मा व विक्रम सिंह भी उपस्थित रहे।


