लखनऊ के बख्शी का तालाब क्षेत्र में स्थित मां कमला देवी श्री पीताम्बरा विद्यापीठ औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में मंगलवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वामी विवेकानंद यूथ इम्पावरमेंट स्कीम के तहत 260 आईटीआई छात्रों को निःशुल्क टैबलेट वितरित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत परंपरागत रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इस अवसर पर मोहनलालगंज के पूर्व सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर, सीतापुर से राज्य पिछड़ा आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा, बीकेटी के विधायक योगेश शुक्ला और लखनऊ से भाजपा विधायक डॉ. नीरज बोरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। राज्य पिछड़ा आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आईटीआई की पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी के लिए आवेदन करने में यह टैबलेट बेहद उपयोगी साबित होगा। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे इस टैबलेट का उपयोग अपने ज्ञान को बढ़ाने में करें। विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि टैबलेट जैसे आधुनिक गैजेट्स के माध्यम से दुनिया भर की जानकारी हासिल की जा सकती है। वहीं, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर ने बताया कि छात्र इस टैबलेट के जरिए रोजगार से जुड़ी जानकारियां और नौकरी के अवसरों की खोज कर सकते हैं। टैबलेट पाकर छात्रों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने इस पहल के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया।


