अलवर के कठूमर के उपखण्ड क्षेत्र के जांगरू गांव निवासी बीएसएफ 155 बीएन बटालियन में जवान गोविंद बैरवा (34) की शुक्रवार राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि की गई। गोविंद बैरवा के 8 साल के बेटे नमन ने पिता को मुखाग्नि दी। बुधवार शाम को ड्यूटी के दौरान बीमारी के चलते फिरोजपुर पंजाब में ही उनका निधन हो गया।
फिरोजपुर पंजाब से बीएसएफ के इंस्पेक्टर रामनिवास यादव जवानों के साथ गुरूवार को बीएसएफ की गाड़ी से गोविंद बैरवा का पार्थिव देह को कठूमर क्षेत्र के गांव जांगरू लेकर आए।
जांगरु गांव में शुक्रवार को करीब 1 किमी की तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में युवा हाथों में तिरंगा लिए जवान व भारत माता के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। रास्ते में कई जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धांजलि दी। पार्थिव देह के गांव पहुंचने पर घर में कोहराम मच गया। पत्नी सपना देवी, माता पारवो देवी सहित घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बीएसएफ जवानों ने पुष्प चक्र अर्पित किए व गॉर्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी। इस मौके पर थानाधिकारी रामजीलाल मीना, ग्राम पंचायत प्रशासक रेखा देवी बैरवा सहित कई जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने पार्थिव देह पर पुष्प चक्र अर्पित कर नमन किया।
इधर, बीएसएफ इंस्पेक्टर रामनिवास यादव ने जवान की पत्नी को एक लाख रुपये नगद राशि प्रदान की। इनपुट : दिनेश लेखी, कठूमर।


