बैंक नोट प्रेस (बीएनपी) के केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के 100 जवानों ने रविवार को मां चामुंडा पहाड़ी पर स्वच्छता अभियान चलाया। मुख्य महाप्रबंधक केदारनाथ महापात्रा के मार्गदर्शन और सीनियर कमांडेंट संदीप कुमार एस व कमांडेंट केजी सोमवंशी के नेतृत्व में यह अभियान सीढ़ी मार्ग सहित विभिन्न क्षेत्रों में चलाया गया। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को साकार करने के उद्देश्य से की गई थी। जवानों ने पहाड़ी के अलग-अलग हिस्सों में सफाई कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाई। इस अवसर पर बीएनपी सेवा समिति ने स्वच्छता अभियान में लगे जवानों को सम्मानित किया। समिति के रामेश्वर जलोदिया ने जवानों को मां चामुंडा की तस्वीर भेंट की। जलोदिया ने कहा कि बैंक नोट प्रेस सेवा कार्यों में हमेशा अग्रणी रहती है और स्वच्छ वातावरण निर्माण के लिए स्वच्छता बनाए रखना हम सभी का परम कर्तव्य है। अभियान में इंस्पेक्टर पीएस रावत, संजय सिंह, सब इंस्पेक्टर उमेश सिंह, सुजीत कुमार, मार्केड एस सहित कुल 100 जवानों ने अपना योगदान दिया। इस दौरान बीएनपी सेवा समिति के रामेश्वर जलोदिया, अभिषेक अवस्थी और रमेश विश्वकर्मा भी उपस्थित रहे।


