शिवपुरी में सड़क हादसे के घायल की मौत:इधर, बेटे से मिलने हॉस्टल जा रहा पिता घायल, वाहन ने बाइक को टक्कर मारी

शिवपुरी में रविवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पहली घटना में गुना निवासी एक युवक ने ग्वालियर ले जाते समय दम तोड़ दिया, वहीं दूसरी घटना में रायश्री गांव के पास एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। पहली घटना गुना जिले के रंगनाचक्क थाना बजरंगगढ़ निवासी 28 वर्षीय नरसिंह आदिवासी से संबंधित है। शनिवार शाम रूठियाई के पास एक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ग्वालियर ले जा रहे थे, रास्ते में बिगड़ी तबीयत नरसिंह को गुना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार को हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया। हालांकि, रास्ते में उनकी तबीयत बिगड़ गई और एंबुलेंस उन्हें शिवपुरी जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नरसिंह के तीन छोटे बच्चे हैं। पिता बेटे से मिलने हॉस्टल आ रहा था दूसरी घटना रविवार दोपहर एनएच-46 पर देहात थाना क्षेत्र के रायश्री गांव के पास हुई। कोलारस के मानीपुरा निवासी मोहर सिंह जाटव अपनी बाइक से शिवपुरी के फतेहपुर क्षेत्र स्थित हॉस्टल में रहने वाले अपने बेटे से मिलने आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहर सिंह सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल मोहर सिंह को शिवपुरी जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर्स के अनुसार, उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *