सीएम मोहन यादव ने कहा- हमारे मित्र और विरोधियों ने पता नहीं क्या बोल-बोल कर समाज में अपनी इज्जत को खुद गिरा दिया है। पता नहीं, वो किस मिट्टी के बने हैं। वो ऐसा झूठ बोलते हैं कि उन्हें ही नहीं पता कि, क्यों बोलते हैं, किस लिए बोलते हैं। रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल में आयोजित लोधा (लववंशी) क्षत्रिय समाज के कार्यक्रम में शामिल हुए। जहां उन्होंने भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। इसके साथ ही 25 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। इस दौरान डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, कांग्रेसी कहते हैं कि, वे ओबीसी समाज के लिए काम कर रहे हैं। अरे भैया तुम्हारे परदादा नेहरू ने ही जनगणना रुकवाई थी। ये पाप तुम्हारे सिर पर है। दूसरों को दोष क्यों दे रहे हो। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में और हमारे पार्टी ने ओबीसी वर्ग को हक देने का लगातार काम किया है। पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के संवैधानिक मान्यता को आजादी के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने दी है। ‘एकजुटता से करें समाज का विकास, भगवान राम से लें प्रेरणा’ सीएम ने कहा- समाज को आगे बढ़ाने के लिए सबको एकजुट होकर काम करना चाहिए। हम भगवान राम के वंश के लोग हैं। भगवान श्री राम का जीवन बहुत कष्टप्रद रहा, लेकिन उन्होंने कभी उसे जाहिर नहीं होने दिया। भगवान राम के जन्म को 17 लाख साल बीत चुके हैं। भोपाल में बनने वाले भवन के लिए हर संभव सहयोग मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, भोपाल में बनने वाले इस भवन के लिए आप आगे बढ़ोगे तो मैं भी पीछे नहीं रहूंगा। इसके लिए हर संभव मदद करूंगा। जब भवन बनता है तो वह सिर्फ निर्माण का हिस्सा नहीं होता है। भवन की आत्मा लोगों के आवागमन से होती है। उनसे होने वाली सामाजिक गतिविधि से होती है। इस भवन में भी लोगों के बीच विचार विमर्श होगा, बच्चों के शिक्षा से जुड़ी सुविधा भी मिलेंगे। गरीब, महिला, युवा और किसान सिर्फ चार जाति हैं
सीएम ने कहा कि, सिर्फ चार जाति है। जिसमें गरीब, महिला, युवा और किसान शामिल है। इन चारों समाज के अंदर हमारा विकास आ जाता है। हमने इन सभी क्षेत्रों में लगातार काम किया है। खेती-किसानी के लोगों के लिए घर बैठे नामकरण करने का फैसला लिया। पहली बार प्रधानमंत्री ने घर बैठे किसानों को 6000 देने की बात की है। फिर उससे आगे बढ़कर 6000 हमारी सरकार द्वारा भी दिया जा रहा है और लगातार दे रहे हैं। सीएम ने कहा कि राजधानी भोपाल सज धज कर मेहमानों का इंतजार कर रही है। हम सब मिलजुल कर मध्य प्रदेश को आगे बढ़ाएंगे। मध्य प्रदेश पूरे देश का नंबर वन राज्य बनेगा। महिलाओं को 50% राज्य निकाय में आरक्षण मिलेगा हमारा देश मातृ संस्था प्रधान है। भारत में तो भारत माता की जय कहा जाता है। इसे माता से जोड़ा गया है। हमारे यहां तो देवता भी अपना नाम लेने में शर्म-आते हैं। इसीलिए सीताराम, राधे-कृष्णा कहा जाता है। नवग्रह में भी एकमात्र ग्रह है। जिसको पृथ्वी माता माना गया है। बहनों को राज्य निकाय में 50%का आरक्षण मिलेगा। साथ ही 33% आरक्षण लोकसभा, विधानसभा में मिलने वाला। आने वाले समय में बहनों के हाथ में अधिकार होगा। मध्य प्रदेश को पहले मां नर्मदा से हमने पूरा हरा भरा किया, लेकिन अब नदियों को जोड़ने वाली तीन बड़ी परियोजनाओं पर काम हो रहा है। केन-बेतवा, पार्वती-कालीसिंध-चंबल और अब ताप्ती नदी जोड़ो परियोजनाओं के माध्यम से पूरा बुंदेलखंड और पूरा चंबल, मालवा तक एक-एक खेत में पानी पहुंचाने का काम हमारी सरकार लगातार कर रही है। सिंचाई के रकबे को 48 लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर एक करोड़ लाख हेक्टेयर तक पहुंचने का वादा है। गाय के दूध को बढ़ावा देने के लिए गौ माता के माध्यम से सनातन संस्कृति को मानने के लिए सरकार द्वारा दूध पर बोनस देने का काम किया जाएगा। दिग्गी के कुंभ स्नान पर सीएम ने कसा तंज
सीएम ने कहा- कांग्रेस में इतनी हिम्मत नहीं है कि भगवान कृष्ण के मथुरा में जाकर दर्शन कर ले। सुप्रीम कोर्ट का फैसला हो गया, लेकिन आज तक कभी अयोध्या में जाकर भगवान राम के दर्शन नहीं किए। यह कांग्रेस का दुर्भाग्य है। दिग्गी-जयवर्धन सिंह के कुंभ स्नान पर पूछा; खरगे-राहुल को क्यों नहीं ले गए सीएम ने कांग्रेस और दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा- आप पार्टी के आधार पर स्नान करने नहीं जा पाते हो। लेकिन पार्टी के साथ खडे़ होकर आतंकवादी को जी लगाते हो। पता नहीं किस-किस की बात करते हैं पूर्व मुख्यमंत्री। अब बाप-बेटे (दिग्विजय-जयवर्धन) स्नान करने पहुंच जाते हैं। अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी ले जाकर स्नान कराते। पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष नहीं जा रहे हैं। जब बहन-बेटी का दबाव पड़ा तो कहा, हम जा रहे हैं। जब सब साधु-संत निकल गए तो अब जाने से क्या फायदा? 14 तारीख मकर संक्रांति से मेला लगा 14 फरवरी हो गई। आप नहीं गए अब टेंट तंबू खाली हो रहे हैं। सब लोग वापस जा रहे हैं, आप तब जा रहे हैं। विधायक रामेश्वर शर्मा बोले- मोहन के पीछे सब दौड़ रहे
हुजूर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि, एक मोहन उस युग में था। जिसके पीछे सब दौड़ते थे। एक मोहन हमारे पास है। जिसके पीछे सब दौड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि, यह सनातन का युग है। ऊपर मोती है, यहां मोहन है। पहले भी सनातन हुआ है, लेकिन सनातन के दुश्मनी रावण से लेकर कांग्रेस तक आज भी बरकरार है। पहले रावण से लड़ना पड़ता था। अब कांग्रेस से लड़ना पड़ता है। लेकिन जब जब राम, कृष्ण आते रहेंगे। कभी मोदी पैदा होंगे, कभी मोहन यादव आते रहेंगे। हम अलग-अलग मंचों पर अलग-अलग समाज के हैं, लेकिन जब सनातन और हिंदू की बात आती है तो हम सब एक हैं। कुछ लोग धरती पर पैदा हुए हैं हिंदुओं में फूट डालने के लिए। मोदी जी से लेकर मोहन यादव तक इसलिए धरती पर पैदा हुए हैं कि, कैसे सनातन एक रहे, कैसे यह देश एक रहे। कार्यक्रम में विधायक प्रेम शंकर वर्मा भी शामिल रहे।


