सूदखोरों से परेशान युवक ने खाया जहर:महू में बेटे के इलाज के लिए सवा लाख रुपए लिए; सुसाइड नोट में लिखा-कर्ज कभी नहीं करना

महू में सूदखोरों से परेशान युवक ने जहर खा लिया। उसने बेटे के इलाज के लिए सवा लाख रुपए कर्ज लिया था। युवक के पास से 4 पेज का सुसाइड नोट मिला है। इनमें चार लोगों से पैसे लेने की बात कही है। कहा कि ब्याज का पैसा दे-देकर थक चुका हूं। कर्ज कभी नहीं करना। घटना शनिवार रात इंदिरा कॉलोनी की है। यहां रहने वाले हरीश गोड़ले ने जहर खा लिया था। उसे इंदौर रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। युवक ने कहा- सूदखोरों को ऐसा मजा चखाना…
युवक ने लिखा- ‘कर्ज कभी नहीं करना। बेटे मयूर की दोनों किडनी खराब हैं। इलाज के लिए चार अलग-अलग लोगों से 5 प्रतिशत, 10 प्रतिशत और 20 प्रतिशत पर करीब सवा लाख रुपए कर्ज लिया। ब्याज का पैसा दे देकर थक चुका हूं। सूदखोरों को बोला कि ब्याज मत लो, तो धमकियां देने लगे। सूदखोरों को ऐसा मजा चखाना, इतना पीटना कि याद रखें। भविष्य में किसी की मजबूरी का फायदा ना उठाएं, तभी मेरी आत्मा को शांति मिलेगी। मुझे माफ कर देना।’ पढ़िए, चार पन्ने का पूरा सुसाइड नोट
कर्ज कभी नहीं करना।
इसकी फोटो जरूर उतारना। इसकी फोटो खींचकर पुलिस को दे देना।
सूदखोर परेशान करेंगे, तो ये सुसाइड नोट पुलिस को दे देना। मैं वीआईपी ट्रैवल्स में ड्राइवर हूं। 22 हजार रुपए महीने सैलरी है। मैं घर में अकेला कमाने वाला हूं। मेरे बेटे की दोनों किडनी खराब हैं। मैंने सूदखोरों से 15, 20, 10 और 5 प्रतिशत ब्याज दर पर रुपए लिए और फंस गया। मैंने बोला कि भाई– 5 प्रतिशत की दर से रुपए दे दो, तो ठीक रहेगा। मेरे घर की आर्थिक स्थिति खराब है। सूदखोर बोले– हम तुझे और रुपए नहीं दे पाएंगे। सूदखोरों का नाम इस प्रकार हैं हर तीसरे दिन करवाना पड़ता है डायलिसिस
हरीश की बहन सीमा गिरजे ने बताया कि भाई के बेटे मयूर (21) की दोनों किडनी खराब हो गई हैं। हर तीसरे दिन निजी अस्पताल में डायलिसिस करवाना पड़ता है। इस कारण बचत भी खत्म हो चुकी थी। बेटे के इलाज के लिए सूदखोरों से ज्यादा ब्याज पर पैसे लिए थे। सूदखोर लगातार फोन कर पैसे मांगते थे। एक बार जब हरीश के पास 50 हजार रुपए थे, तब सूदखोरों ने बस में जाकर मारपीट की और पैसे भी छीन लिए। घटना के बाद से हरीश ने काम छोड़ दिया था। परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी है। परिजन के बयान के आधार पर होगी जांच
महू थाना टीआई राहुल शर्मा ने बताया कि हरीश के परिजन उसे इंदौर के निजी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। यहां इलाज के दौरान मौत हो गई। मामला दर्ज होने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जीरो एफआईआर दर्ज कर केस डायरी महू थाने भेजी गई है। परिजन के बयानों के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *