CRPF इंस्पेक्टर का राजकीय सम्मान से होगा अंतिम संस्कार:पार्थिव देह आज पैतृक गांव पहुंची, डेढ़ किलोमीटर निकलेगी तिरंगा यात्रा

छत्तीसगढ़ में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए CRPF इंस्पेक्टर भंवरलाल मीणा की पार्थिव देह आज उनके पैतृक गांव दौलतपुरा (घाड़ थाना क्षेत्र) पहुंचेगी। कुछ ही देर में पार्थिव देह घाड़ थाने लाई जाएगी। जहां से पैतृक गांव तक डेढ़ किलोमीटर की तिरंगा यात्रा निकालने के बाद राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार किया जाएगा। शहीद जवान के घर में शोक का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों, रिश्तेदारों और परिचितों का घर पर लगातार आना-जाना लगा हुआ है। मंगलवार रात से ही बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर जुटे हुए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पेट्रोलिंग के दौरान हादसे में हुए थे शहीद गौरतलब है कि टोंक जिले के घाड़ थाना क्षेत्र के दौलतपुरा निवासी सीआरपीएफ में इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी भंवरलाल (56) पुत्र चतरा मीणा मंगलवार को छत्तीसगढ़ में पेट्रोलिंग के दौरान बाइक समेत खाई में गिर गए थे। इस हादसे में उनकी मौके पर ही शहादत हो गई। वे छत्तीसगढ़ में सीआरपीएफ की 65वीं बटालियन में तैनात थे। सुबह जयपुर पहुंची पार्थिव देह, सड़क मार्ग से टोंक रवाना शहीद जवान की पार्थिव देह को आज अलसुबह एयरप्लेन से जयपुर लाया गया। वहां से सेना के जवान सड़क मार्ग से पार्थिव देह को टोंक लेकर रवाना हुए। जानकारी के अनुसार सेना का काफिला टोंक पहुंच चुका है। पार्थिव देह को घाड़ थाने लाया जाएगा। राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार घाड़ थाने में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पार्थिव देह को गांव ले जाया जाएगा। वहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। शहीद को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे। शहीद भंवरलाल की शहादत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। हर कोई इस वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। इनपुट: अविनाश मीणा घाड़, घाड़।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *