भोपाल ट्रैफिक पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर 3000 वाहनों की पार्किंग का बनाया प्लान मानव संग्रहालय में होने जा रही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) में वीआईपी मेहमान भी थ्री लेयर पास चेकिंग के बाद ही एंट्री ले पाएंगे। मेहमानों को कार्यक्रम स्थल पर छोड़ने के बाद उनके वाहन संग्रहालय के गेट-3 से बाएं मुड़कर सैर-सपाटा की ओर चले जाएंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एंट्री होगी। पीएम के मंच पर पहुंचने के बाद ही सैर-सपाटा पर खड़े वीआईपी मेहमानों के करीब 3000 वाहन वापस आएंगे। इसके बाद कलर कोडिंग के साथ उन्हें अलग-अलग 10 पार्किंग में भेज दिया जाएगा। 24 फरवरी को कार्यक्रम के दौरान भी बोट क्लब नो व्हीकल जोन रहेगा या नहीं, ये 23 फरवरी को रिहर्सल के बाद तय होगा। रिहर्सल में यही परखा जाएगा कि तमाम तरह की चेकिंग के बाद बोट क्लब तक आने वाले वाहनों की तादाद कितनी है। हालांकि, इस सड़क पर प्रधानमंत्री का प्रोटोकॉल नहीं होगा, फिर भी 24 फरवरी को दिनभर बोट क्लब पर नो व्हीकल जोन रखने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान पर्यटकों को वन विहार जाना है तो सैर-सपाटा होकर जाना होगा। ये वीआईपी मेहमानों के रूट यहां पास चेकिंग: वीआईपी गेस्ट की पहली पास चेकिंग डिपो चौराहा पर होगी। फिर स्काउट-गाइड तिराहा और ट्राइबल म्यूजियम तिराहा पर भी पास चेक होंगे। इसके बाद ही वीआईपी गेस्ट्स के वाहनों को संग्रहालय में एंट्री दी जाएगी। सबको अलग रंग के पास अलॉट किए जाने की योजना है।


