GIS में दिखेगी मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत की झलक:24 फरवरी को ‘अमृतस्य मध्यप्रदेश’ नृत्य नाटिका का मंचन

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) में भाग लेने वाले निवेशकों, उद्योगपतियों और अतिथियों को मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक विरासत और समृद्ध संस्कृति से रूबरू कराने के लिए विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर ‘अमृतस्य मध्यप्रदेश’ नृत्य नाटिका का भव्य मंचन किया जाएगा, जिसमें 100 से अधिक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। यह कार्यक्रम सुप्रसिद्ध कोरियोग्राफर मैत्री पहाड़ी के निर्देशन में आयोजित होगा, जिसमें प्रदेश की विविध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक लोकनृत्य और पर्यटन स्थलों की अनूठी झलक पेश की जाएगी। आयोजन स्थल इंदिरा गांधी मानव संग्रहालय में स्थानीय लोकनृत्य जैसे मटकी नृत्य, करमा जनजातीय नृत्य समेत कई पारंपरिक प्रस्तुतियां भी मुख्य आकर्षण होंगी। प्रदेश के प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति और टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य अतिथियों को मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि से परिचित कराना और पर्यटन को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा, “यह आयोजन निवेशकों को आकर्षित करने और प्रदेश की संस्कृति व परंपराओं को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।” सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की झलक: आयोजन स्थल पर विभिन्न मंचों पर लोकगीत, जनजातीय संगीत और पारंपरिक लोक नृत्य का भी मनमोहक मंचन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए अतिथि निवेशकों को प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत परंपरा और उससे हमारे जुड़ाव को नजदीक से अनूठे अंदाज में देखने को मिलेगा ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *