भास्कर न्यूज | लुधियाना पंजाब पब्लिक सर्विस कमिशन(पीपीएससी) द्वारा पंजाब स्टेट सिविल सर्विसेस कंबाइंड कंपीटिटिव एग्जामिनेशन-2025 के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। इस भर्ती प्रक्रिया में 322 पद भरे जाएंगे। इसके लिए जिन उम्मीदवारों ने दसवीं स्तर का पंजाबी का एग्जाम पास नहीं किया है। लेकिन वो एग्जाम में अपीयर होने जा रहे हैं उन्हें भी पंजाबी भाषा पास एग्जाम के ऑप्शन में यस के ऑप्शन को क्लिक करना होगा। इस ऑप्शन का चुनाव न करने पर उम्मीदवार एप्लिकेशन फॉर्म को नहीं भर पाएंगे। हालांकि उम्मीदवारों को पंजाबी भाषा का यह एग्जाम और यह योग्यता पीसीएस सीसीई एग्जामिनेशन से पहले हासिल करनी होगी। कमिशन द्वारा पहले जारी निर्देशों के अनुसार इस परीक्षा के पहले ही यह योग्यता हासिल करनी होगी। गौरतलब है कि इस भर्ती परीक्षा में एग्जीक्यूटिव ब्रांच, डिप्टी सुप्रींटेंडेंट अॉफ पुलिस,तहसीलदार, एक्साइज व टेक्सेशन अफसर, फूड व सिविल सप्लाई अफसर, ब्लॉक डेवल्पमेंट व पंचायत अफसर, असिस्टेंट रजिस्ट्रार को-ऑपरेटिव सोसायटी, लेबर कम काउंसिलेशन अफसर, इंप्लायमेंट जेनरेशन, स्किल डेवल्पमेंट व ट्रेनिंग अफसर, डिप्टी सुप्रींटेंडेंट जेल व डिस्ट्रिक्ट प्रोबेशन अफसर के पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए ग्रेजुएट उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अधिकतम उम्र सीमा 37 साल निर्धारित की गई है। नियमों के तहत उम्र सीमा में राहत मिलेगी। प्रीलिमनरी एग्जाम का आयोजन अप्रैल में किया जाएगा। हालांकि इसके लिए फाइनल तारीख जारी होनी बाकी है। प्रीलिमनरी एग्जाम में पेपर-1 जनरल स्टडीज और पेपर-2 सिविल सर्विसेस एप्टीट्यूड टेस्ट का होगा। दोनों पेपर 200-200 अंकों के होंगे। प्रीलिमनरी एग्जाम पास करने वाले उम्मीदवारों को मेन परीक्षा में अपीयर होना होगा। दोनों पेपर मल्टीपल चॉइस क्वेश्चन पर आधारित होंगे। सीएसएटी एग्जाम क्वालिफाइंग एग्जाम होगा। इसमें उम्मीदवारों को न्यूनतम 40 फीसदी अंक हासिल करने जरुरी होंगे। हालांकि मैरिट लिस्ट प्रीलिमनरी एग्जाम के पेपर-1 के आधार पर तैयार की जाएगी। हर पेपर दो घंटे का होगा। दिव्यांगजनों के लिए हर पेपर के लिए 40 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। इसमें नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान नहीं है। उम्मीदवारों को https://ppsc.gov.in/ से ही सही जानकारी हासिल करने के निर्देश दिए गए हैं।


