वरिष्ठ पत्रकार वसंत वीर उपाध्याय की नई पुस्तक आईएएस की तैयारी और श्री रामचरित मानस का विमोचन प्रेस क्लब रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में किया गया। पुस्तक के विमोचन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश के उप मुख्यमंत्री व गृह मंत्री विजय शर्मा ने पुस्तक की विषयवस्तु में विशेष रुचि दिखाई और मंच पर ही इसे लेकर जिज्ञासा व्यक्त की। लेखक वसंत वीर उपाध्याय ने लगभग 32 आईएएस अधिकारियों के साक्षात्कार के बाद इस पुस्तक को तैयार किया है। इसमें यूपीएससी परीक्षा की तैयारी के सात चरणों को श्री रामचरित मानस के सात कांडों से जोड़ते हुए सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। लेखक ने बताया कि युवाओं के सपनों को साकार करने में मानस सक्षम है और यह पुस्तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को नई दृष्टि देती है।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, रायपुर महापौर मीनल चौबे, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा सहित प्रेस क्लब रायपुर के नवनिर्वाचित पदाधिकारी, पत्रकार, साहित्यकार और समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


