IAS संतोष वर्मा की टिप्पणी मामले में कोर्ट में सुनवाई:ब्राह्मण समाज की आपत्तियों पर कोर्ट ने पुलिस से स्टेटस रिपोर्ट तलब की है

मध्य प्रदेश के IAS संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण समाज की बेटियों पर की गई टिप्पणी के मामले में गुरुवार को जिला कोर्ट इंदौर में सुनवाई हुई। मामले में तुकोगंज थाना पुलिस से स्टेटस रिपोर्ट मांगी गई है। साथ ही यह भी पूछा गया है कि इस आवेदन पर अब तक क्या कार्रवाई की गई है। यह परिवाद एडवोकेट शैलेंद्र द्विवेदी द्वारा 28 नवंबर को दायर किया गया था। परिवाद में बताया गया है कि संतोष वर्मा, जो कि SC-ST अधिकारी-कर्मचारी संगठन के प्रांत अध्यक्ष और एक IAS अधिकारी हैं, ने 25 नवंबर को भोपाल में आयोजित अजाक्स के प्रांतीय अधिवेशन में भाषण के दौरान ब्राह्मण समाज की बेटियों के बारे में अशोभनीय, अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणी की। परिवाद में कहा गया है कि इस प्रकार की टिप्पणी एक जिम्मेदार आईएएस परीक्षा पास करने वाले व्यक्ति के मुंह से निकलना न केवल उनकी घटिया मानसिकता को जाहिर करता है, बल्कि ऐसी टिप्पणी करना प्रथम दृष्टया सामाजिक समरसता को ठेस पहुंचाने और आपसी वैमनस्य उत्पन्न करने वाला है। ऐसा व्यवहार भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी से अपेक्षित मानकों के अनुरूप नहीं है। इसकी भरपाई नहीं की जा सकती। आईएएस परीक्षा में चयन होने पर उन्हें शपथ दिलाई जाती है। इसमें सर्वप्रथम शपथ इस बात की ली जाती है कि वह किसी भी भेदभाव व विद्वेष की भावना अपने मन में न रखकर सेवा करेगा, परंतु वर्मा ने इस शपथ का उल्लंघन किया है। अश्लील व अपमानित करने वाली टिप्पणी से विश्वभर का ब्राह्मण समाज स्वयं को अपमानित महसूस कर रहा है। इससे ब्राह्मण समाज आहत हुआ है। वर्मा के खिलाफ तुकोगंज थाना क्षेत्र में केस दर्ज करने के लिए लिखित शिकायत भी की गई, लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। इस कारण कोर्ट की शरण में आना पड़ा। अब अगली सुनवाई 20 जनवरी को होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *