JSSC CGL पेपर लीक में सीआईडी को मिले कई सबूत:परीक्षा से पहले रात 10:57 बजे ही मिल गए थे आंसर; सबूतों की हो रही फॉरेंसिक जांच

JSSC CGL परीक्षा के पेपर लीक मामले में सीआईडी की एसआईटी को कई साक्ष्य मिले हैं। अभ्यर्थियों ने 22 सितंबर को पहली पाली में सामान्य ज्ञान पेपर-3 की परीक्षा में पूछे गए सवालों के जवाब का वीडियो और फोटो एसआईटी को उपलब्ध कराया है। इसमें दावा किया गया है कि अभ्यर्थियों को 21 सितंबर की रात 10:57 बजे ही मोबाइल पर सवालों के जवाब मिल गए थे। अगले दिन परीक्षा के बाद प्रश्न पत्र से मिलान किया गया तो अधिकतर प्रश्नों के उत्तर वही थे। अभ्यर्थियों ने पांच मोबाइल फोन भी एसआईटी को साक्ष्य के रूप में सौंपा है। सबूतों की हो रही फॉरेंसिक जांच इस साक्ष्य के संबंध में एसआईटी ने अभ्यर्थियों से पूछताछ की है। सीआईडी की एसआईटी सबूतों की फॉरेंसिक जांच भी करा रही है। इससे यह जानने की कोशिश हो रही है कि अभ्यर्थियों का दावा सही है या नहीं। जांच कर रही टीम रातू थाने में दर्ज एफआईआर की भी जांच कर रही है। हजारीबाग निवासी राजेश प्रसाद की शिकायत पर रातू थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। तीन परीक्षा केंद्रों के साक्ष्य के वीडियो और फोटो दिए विज्ञापन जारी कर मांगे थे सबूत सीआईडी ने एक विज्ञापन जारी कर लोगों से पेपर लीक के सबूत मांगे थे। विज्ञापन में कहा गया था कि अगर किसी के पास सीजीएल परीक्षा के पेपर लीक से जुड़ा कोई भी साक्ष्य हो तो वह सीआईडी को सौंपे। सीआईडी इन साक्ष्यों को जांच में शामिल करेगा और उसकी निष्पक्ष जांच की जाएगी। इसके लिए मोबाइल नंबर और ईमेल एड्रेस भी जारी किया गया था। अभ्यर्थियों को रटवाए गए थे उत्तर रातू थाने में दर्ज एफआईआर में आरोप है कि कई अभ्यर्थियों को सवालों के जवाब रटवाए गए थे। इसके लिए परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को मुजफ्फरपुर, दिल्ली व काठमांडू भेजा गया था। परीक्षा से दो-तीन दिन पहले आसनसोल के एक विवाह भवन में भी अभ्यर्थियों को इकट्‌ठा कर सवालों के जवाब रटवाए गए। एसआईटी इन आरोपों की भी जांच कर रहा है। रिजल्ट जारी करने पर रोक, 22 को हाईकोर्ट में सुनवाई पेपर लीक का विवाद सामने आने के बाद हाईकोर्ट ने जेएसएससी सीजीएल परीक्षा का रिजल्ट जारी करने पर रोक लगा रखी है। यह रोक अगले आदेश तक के लिए लगाई गई है। हाईकोर्ट ने कहा है कि डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन जारी रहेगा। अब इस मामले की अगली सुनवाई 22 जनवरी को होगी। उधर, इस विवाद के सामने आने के बाद से हर बार जेएसएससी ने पेपर लीक के आरोप से इनकार किया है। जेएसएससी का दावा है कि परीक्षा में कोई पेपर लीक नहीं हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *