KGF के को-डायरेक्टर के चार साल के बेटे की मौत:लिफ्ट में फंसने से गई जान, घटना पर पवन कल्याण ने जताया दुख

फिल्म केजीएफ के को-डायरेक्टर कीर्तन नादागौड़ा के चार साल के बेटे का हैदराबाद में एक दर्दनाक हादसे में निधन हो गया। कीर्तन का बेटा सोनार्श लिफ्ट में फंस गया था, जिसके बाद उसकी जान चली गई। मिली जानकारी के अनुसार, सोनार्श बिना माता-पिता की जानकारी के अकेले लिफ्ट में चला गया। इसी दौरान वह लिफ्ट सिस्टम में फंस गया। इसके बाद वह नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। कन्नड़ प्रभा की रिपोर्ट के अनुसार, घटना के बारे में पता चलते ही बच्चे को बचाने की कोशिश की गई। हालांकि, उसकी चोटें काफी गंभीर थीं और उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। कीर्तन नादागौड़ा ने अपने बेटे की मौत की पुष्टि न्यूजफर्स्ट के साथ बातचीत में की है। इस खबर के सामने आने के बाद कई लोगों ने घटना पर दुख जताया। आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और एक्टर पवन कल्याण ने भी घटना पर दुख जताते हुए X पर लिखा कि वह लिफ्ट हादसे में सोनार्श की मौत से बहुत दुखी हैं। उन्होंने कीर्तन और उनकी पत्नी के प्रति संवेदना जताई और ईश्वर से परिवार को यह दुख सहने की ताकत देने की प्रार्थना की। कीर्तन नादागौड़ा मुख्य रूप से कन्नड़ फिल्म इटटी में काम करते हैं। उन्होंने प्रशांत नील के डायरेक्शन में बनी ब्लॉकबस्टर फिल्मों ‘KGF: चैप्टर 1’, ‘KGF: चैप्टर 2’ और ‘सालार: पार्ट 1 – सीजफायर’ में को-डायरेक्टर और असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम किया है। वह जल्द ही एक हॉरर फिल्म के साथ तेलुगु सिनेमा में डायरेक्टर के रूप में डेब्यू करने वाले हैं, जिसे माइथ्री मूवी मेकर्स और प्रशांत नील द्वारा प्रोड्यूस किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *