प्रतापगढ़ शहर में एमडी ड्रग फैक्ट्री से जुड़ी एक अवैध इमारत को नगर परिषद ने ध्वस्त कर दिया है। किराणा दुकान और अनाज गोदाम की आड़ में संचालित फैक्ट्री का खुलासा हाल ही में हुआ था। नगर परिषद की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि अवैध निर्माण और नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बुलडोजर से अवैध बिल्डिंग गिराई शहर कोतवाल शंभु सिंह ने बताया कि पुलिस कार्रवाई के बाद भवन की जांच की गई। इसमें सामने आया कि जिस इमारत में एमडी फैक्ट्री चल रही थी, वह पूरी तरह अवैध रूप से निर्मित थी। इसके निर्माण के लिए न तो कोई अनुमति ली गई थी और न ही नगर परिषद के नियमों का पालन किया गया था। इसके बाद नगर परिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर से अवैध भवन को जमींदोज कर दिया। बता दे कि कोतवाली पुलिस ने 1 फरवरी को इस इमारत में संचालित एमडी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पानी की टंकी के पास स्थित किराणा दुकान और अनाज गोदाम में अवैध रूप से मादक पदार्थ एमडी का निर्माण किया जा रहा है। दबिश के दौरान पुलिस ने मौके से 106 ग्राम एमडी, लगभग 114 किलो 750 ग्राम केमिकल,7 प्लास्टिक जरीकेन और ड्रग निर्माण में प्रयुक्त पूरा सेटअप बरामद किया था। हालांकि आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिनकी तलाश अभी भी जारी है।आज की बुलडोजर कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन की सक्रियता को लेकर चर्चा है। लोगों का मानना है कि ऐसी त्वरित और कठोर कार्रवाई से शहर में नशे के नेटवर्क पर प्रभावी रोक लग सकेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध निर्माण और मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े किसी भी ठिकाने पर इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएंगे।


