जोधपुर शहर के एमडीएम अस्पताल में भर्ती मरीज के पिता से ऑपरेशन करने के बदले डॉक्टरों द्वारा पैसे मांगने के मामले की शिकायत सामने आने के बाद कलेक्टर गौरव गोयल ने एडीएम सिटी (फर्स्ट) उदयभानू चारण की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। इसमें सीएमएचओ जोधपुर शहर डॉ. सुरेंद्रसिंह शेखावत तथा मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ आचार्य (फिजियोलॉजी) डॉ. रघुवीर चौधरी को भी शामिल किया गया है। उल्लेखनीय है कि इस संबंध में जोधपुर निवासी संतोष ने एक शिकायत की थी। जिसमें बताया गया कि उसके 10 वर्षीय बेटे प्रिंस के हाथ में चोट लगने पर मथुरादस माथुर अस्पताल में उपचार चल रहा था। उसके हाथ का ऑपरेशन करने के लिए डॉ. शैलेश व डॉ. सुशील द्वारा अवैध रूप से दो हजार रुपए की मांग की जा रही है। इस घटना की एक ऑडियो भी मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इसके बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन को इसकी शिकायत भी दी। उसी की जांच के लिए यह कमेटी गठित की गई है। जांच अधिकारी एडीएम चारण ने बताया कि समिति आपसी समन्वय स्थापित कर शिकायत में वर्णित सभी तथ्यों की जांच करेगी और जल्द ही इसकी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी जाएगी।


