MLA ऋतु बनावत का ‘सफाई-अभियान’:बच्चों ने सदन में उठाए ‘बड़े मुद्दे’; हेलमेट पहनकर पहुंचे मंत्रीजी ने ली ‘सलामी’

नमस्कार माननीय कैमरे के सामने डील करते पकड़े गए। यही माननीय सदन में आम जन के हित की बात करते हैं और मुद्दे उठाते हैं। बाल मन पर ऐसे महोदय क्या छाप छोड़ते होंगे? हालांकि जयपुर में राजस्थान विधानसभा में युवा संसद में बच्चों ने मासूमियत ने अपना पक्ष रखा। दैनिक भास्कर के स्टिंग में दिखीं बयाना विधायक ऋतु बनावत ने सफाई दी है। भीलवाड़ा में एक डॉक्टर 11 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार हुआ। राजस्थान की राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में… 1. युवा संसद में बच्चों ने दिखाया आइना निदा फाजली साहब ने लिखा है- बच्चों के नन्हे हाथों को चांद सितारे छूने दो, चार किताबें पढ़कर ये भी हम जैसे हो जाएंगे..। अब हम जैसे की परिभाषा जान लीजिए- हम जनता की खून पसीने की मेहनत से कमाए पैसे में से टैक्स लेते हैं। इसी टैक्स से आम जनता के कल्याण की स्कीम धरातल पर उतरती हैं। धरातल पर उतरने से पहले स्कीम के कागज हम जैसे प्रतिनिधियों के पास आते हैं। फिर मोल-भाव होने लगता है। 40 परसेंट पर मामला फिक्स होता है। आगे हम जैसे अफसरों को भी खिलाना है। इस तरह 100 रुपए में से 70 रुपए हम जैसे नेताओं-अफसरों की जेब में चले जाते हैं और आम जनता के काम के लिए बचते हैं 30 रुपए। अच्छा है बच्चे हम जैसे जन प्रतिनिधि न बनें। हम जैसे अफसर न बनें। वे जितने मासूम और ईमानदार राजस्थान विधानसभा में युवा संसद के दौरान नजर आए, बड़े होकर भी उतने ही मासूम और ईमानदार जनप्रतिनिधि-अफसर बनें। इन बच्चों ने बड़ों को आइना दिखाया है। भला हो अगर बड़े मन ही मन ईमानदारी की शपथ ले लें। 2. भरतपुर में स्टिंग वाली विधायक का सफाई अभियान काजल की कोठरी में कालिख तो लगता ही है। दैनिक भास्कर ने स्टिंग ऑपरेशन किया। माननीयों से टेंडर का लैटर जारी करने की बात की और फिर कमीशनखोरी का खेल सामने आ गया। किसी ने पैसे पहले ही रखवा लिए। किसी ने पति देव से मोल भाव कराया। किसी ने पक्के काम का वादा किया। अब सफाई अभियान चल रहा है। स्टिंग में दिखे माननीय बारी-बारी आगे आ रहे हैं। अपने आप को पाक-साफ बता रहे हैं। कुछ तो उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाली बात कर रहे हैं। विधायकों के क्षेत्र में पोस्टर लग रहे हैं। पोस्टर पर नारे हैं- कमीशनखोर, गद्दी छोड़। कहीं लिखा है- विधायक जी का नारा है, 40 परसेंट हमारा है। सरकार ने विधायक फंड सीज कर दिए हैं। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती। अफसरों के भी कारनामे सामने आ चुके हैं। पूरे कुएं में भांग है। काजल की कोठरी को कहां तक धोया जाए? 3. मंत्रीजी हेलमेट लगाकर पहुंचे, सलामी ली मंत्रीजी के पास कृषि विभाग है। किसान यूरिया की बोरी के लिए कतार में है। घंटों इंतजार कर रहा है। डंडे खा रहा है। फैक्ट्री का विरोध करने के लिए आंदोलन कर रहा है। मुआवजे के लिए ज्ञापन दे रहा है। इतने भारी कामों के बीच मंत्रीजी को सरकार के 2 साल की उपलब्धियां भी गिनानी हैं। मंत्रीजी को पता है कि उपलब्धियां गिनाना आसान नहीं। उपलब्धियां उस चांद की तरह हैं जिसके चमकने पर कमियों का धब्बा ज्यादा नजर आता है। दो-चार मंत्री तो पत्रकारों के तीखे सवालों का शिकार भी हो चुके हैं। डिप्टी सीएम तक लपेटे में आ गए। तो कृषि मंत्रीजी क्या करें। वे कुछ अलग करते हैं, उन्होंने कुछ अलग किया भी। सर्किट हाउस पहुंचना था। पत्रकारों की नजर कारों के काफिले की तरफ थीं। मंत्रीजी एक बाइक सवार के साथ हेलमेट लगाकर चुपचाप कलेक्ट्रेट में दाखिल हुए। बाइक से उतरते ही गार्ड ऑफ ऑनर मिल गया। पत्रकारों ने घेरा तो मंत्रीजी बोले- हेलमेट जरूर लगाना चाहिए। आजकल एक्सीडेंट बहुत हो रहे हैं। जब मैं हेलमेट लगा रहा हूं तो मेरे चाहने वालों को भी लगाना चाहिए। 4. चलते-चलते.. गरीब आदमी के लिए दाल-रोटी का इंतजाम ही बड़ी चीज है। ऐसे में कोई रोग लग जाए तो वह सरकारी अस्पताल और सरकारी योजना की तरफ ही देखता है। भले डॉक्टर तक पहुंचने के लिए उसे चार-चार घंटे लाइन में लगना पड़े। भले ही फ्री जांच के लिए तीन दिन इंतजार करना पड़े। भले उसकी कई दिन की दिहाड़ी अस्पताल के चक्करों की भेंट चढ़ जाए। लेकिन जब उसे दवा वितरण केंद्र पर फ्री दवाइयां मिलती हैं, या फिर बाजार में हजारों में होने वाली जांचें फ्री में हो जाती हैं तो उसे संतोष होता है। उसकी आधी बीमारी तो ऐसे ही ठीक हो जाती है। लेकिन भ्रष्टाचार की जड़ें गरीब के हक तक भी जा पहुंची। भीलवाड़ा में सरकारी हॉस्पिटल का डॉक्टर 11 लाख की रिश्वत लेते पकड़ा गया। यह डॉक्टर आयुष्मान भारत योजना के बिल पास करने की एवज में एक प्राइवेट हॉस्पिटल से रिश्वत मांग रहा था। शिकायत हो गई तो एसीबी ने सत्यापन कराया और रंगे हाथ डॉक्टर साहब को धर दबोचा। अनाब-शनाब कमाई के लालच ने धरती के भगवान को भी भगवान नहीं रहने दिया। वीडियो देखने के लिए ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल मुलाकात होगी…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *