MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें:पिता ने बेटी को गोली मारी, चाइनीज मांझे से 6 लोगों के गले कटे, लाड़ली बहनें बोलीं- पैसे नहीं, साफ पानी चाहिए

MP दिनभर में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते है, एमपी में आज, क्या रहा खास… 1. चाइनीज मांझे से इंदौर-उज्जैन में 6 के गले कटे: ओंकारेश्वर में पुजारियों ने टैक्सी ड्राइवर को पीटा मकर संक्रांति पर पतंगबाजी के बीच इंदौर में चाइनीज मांझे से अलग-अलग जगह चार लोगों की गर्दन कट गई। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है, एक युवक को आठ टांके आए हैं। उधर उज्जैन में भी मांझे से एक युवक का गला कटा और एक महिला के पैर घायल हुए। दोनों को चरक भवन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पढ़ें पूरी खबर 2. बैतूल में लाड़ली बहनें बोलीं- 1500 मत दो, पीने के लिए पानी दे दो
बैतूल जिले के बल्हेगांव की ग्रामीण महिलाओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर पेयजल संकट को लेकर गुहार लगाई। महिलाओं ने कहा कि सरकार लाड़ली बहनों को हर महीने 1500 रुपए दे रही है, पर जब पीने को साफ पानी ही नहीं है तो उस पैसे का क्या करेंगे। उन्होंने साफ कहा कि हमें पैसा नहीं, पानी चाहिए। पढ़ें पूरी खबर 3. पिता ने बेटी के सीने पर गोली मारकर हत्या की: शादी के बाद ग्वालियर से प्रेमी के साथ भागी थी भिंड के मेहगांव थाना क्षेत्र के खिरिया थापक गांव में एक पिता ने अपनी 21 वर्षीय शादीशुदा बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने कट्टे से सीने में फायर किया। बेटी के प्रेमी संग भागने से नाराज पिता ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने शव बरामद कर आरोपी को हिरासत में लिया है। पढ़ें पूरी खबर 4. नीमच में मंदिर जाने और सड़क निर्माण को लेकर खूनी संघर्ष, 12 लोग घायल
नीमच के चिकली गांव में मंदिर जाने और सड़क निर्माण को लेकर मंगलवार को दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। विवाद के दौरान जमकर पथराव हुआ और घरों में आग लगा दी गई। घटना का वीडियो सामने आया है। इस झड़प में करीब 12 महिला-पुरुष घायल हुए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पढ़ें पूरी खबर 5. मकर संक्रांति पर कोहरे का असर कम: ग्वालियर-दतिया में सर्दी; भोपाल, इंदौर-उज्जैन में धूप खिली मकर संक्रांति पर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा। भोपाल, इंदौर-उज्जैन समेत कई शहरों में धूप खिली रही। वहीं ग्वालियर-चंबल, सागर और रीवा संभाग में ठंड का असर रहा। मौसम विभाग के अनुसार दिन में मौसम शुष्क रहा। इससे इलाके में खूब पतंगबाजी हुई। पढ़ें पूरी खबर 6. दूषित पानी से मृत लोगों के परिजन से मिलेंगे राहुल, 17 जनवरी को इंदौर आएंगे, अब तक 23 मौतें हो चुकीं
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 17 जनवरी को इंदौर पहुंचकर दूषित पानी से प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे। इसी दिन कांग्रेस मनरेगा योजना का नाम बदलने के विरोध में प्रदेश व्यापी प्रदर्शन करेगी। हर ब्लॉक में सामूहिक उपवास, गांधी प्रतिमाओं के सामने धरना-भजन और इंदौर जल कांड में मृतकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। राहुल गांधी के दौरे की पुष्टि प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने की है। पढ़ें पूरी खबर 7. रीवा में ‘शादी के कार्ड’ से साइबर ठगी: दोस्त के नंबर से आई APK फाइल खोली, खाता खाली
रीवा जिले में APK फाइल के जरिए साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। शादी का कार्ड, चालान या बिजली बिल के नाम पर भेजी जा रही फाइलें खोलते ही मोबाइल हैक हो रहा है और खाते से पैसे ट्रांसफर हो रहे हैं। एक दर्जन से अधिक लोग ठगी का शिकार हो चुके हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए रीवा पुलिस ने साइबर एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने की अपील की है। पढ़ें पूरी खबर पॉजिटिव खबर 8. खातेगांव की दीपिका का सीएम ने किया सम्मान: पुरस्कार में ई-स्कूटी और वैदिक घड़ी मिली खातेगांव की दीपिका मनीष पटेल (यादव) ने ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश’ राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजेताओं में स्थान बनाया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उन्हें ई-स्कूटी और वैदिक घड़ी देकर सम्मानित किया। दिसंबर में हुई ऑनलाइन प्रतियोगिता में दीपिका ने सभी 24 प्रश्नों के सही उत्तर चार मिनट से भी कम समय में देकर अपनी प्रतिभा साबित की। पढ़ें पूरी खबर खबर जरा हटके 9. टीआई ने नाव चलाकर कलेक्टर-एसपी को नदी पार कराई
सिंगरौली में मकर संक्रांति पर सोन नदी किनारे लगने वाले विशाल मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने कलेक्टर गौरव बैनल और एसपी मनीष खत्री पहुंचे। चितरंगी थाना प्रभारी सुदेश तिवारी नाविक बने और दोनों अधिकारियों को नदी पार कराई। निरीक्षण के दौरान घाटों, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा इंतजाम और आपात व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। पढ़ें पूरी खबर कल का बिग इवेंट 10. नर्मदापुरम से लाड़ली बहनों को ट्रांसफर करेंगे फंड
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 15 जनवरी को नर्मदापुरम जिले के माखन नगर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे लाड़ली बहना योजना की हितग्राहियों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि ट्रांसफर करेंगे। मुख्य कार्यक्रम माखन नगर स्थित सांदीपनि विद्यालय के पास खेल मैदान में किया जाएगा। इसके अलावा सीएम नवनिर्मित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस का लोकार्पण करेंगे और कई विकास कार्यों का भूमि पूजन भी करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *