MP दिनभर में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, एमपी में आज, क्या रहा खास… 1. विधानसभा शीतकालीन सत्र: नगर पालिका संशोधन विधेयक पेश, बच्चों की मौत और BLO मुद्दे पर हंगामा शीतकालीन सत्र के पहले दिन अतिवृष्टि से नुकसान पर चर्चा हुई। इस दौरान नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नगर पालिका संशोधन विधेयक पेश किया, जिस पर मंगलवार को चर्चा होगी। छिंदवाड़ा कफ सिरप कांड, इंदौर एमवाय अस्पताल मामला और BLO की मौतों पर कांग्रेस ने हंगामा किया। सत्र 5 दिसंबर तक चलेगा। पढ़ें पूरी खबर 2. MP किसान आंदोलन: धार में हाईवे जाम, कलेक्टर से बैठक बेनतीजा, आंदोलन जारी
बड़वानी, धार, खरगोन और खंडवा के 5 हजार से ज्यादा किसानों ने धार के खलघाट में नेशनल हाईवे-52 पर चक्काजाम कर दिया। किसान एमएसपी और कर्जमाफी की मांग कर रहे हैं। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के साथ किसानों की बैठक बेनतीजा रही, जिसके बाद आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया गया। पढ़ें पूरी खबर 3. इंदौर में तेंदुए का बर्बर शिकार: पंजे काटे, नाखून निकाले; पोस्टमॉर्टम में पुष्टि
इंदौर के डबलचौकी वन क्षेत्र में तीन वर्षीय तेंदुए के बर्बर शिकार की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हुई है। तेंदुए के दोनों आगे के पंजे काटे गए, नाखून और दांत निकाले गए। क्लच वायर से फंदाकर उसकी हत्या की गई। STSF और डॉग स्क्वाड ने 3 किमी क्षेत्र में सर्च कर जांच तेज कर दी है। पढ़ें पूरी खबर 4. रायसेन में पुल ढहा: 4 घायल, मार्ग बंद; प्रबंधक सस्पेंड, जांच समिति गठित
रायसेन के बरेली–पिपरिया स्टेट हाईवे पर नयागांव पुल ढहने से दो बाइक नीचे गिर गईं, एक मजदूर सहित 4 लोग घायल हुए। सभी को भोपाल एम्स रेफर किया गया है। पुल बंद कर दिया गया है। लापरवाही पर प्रबंधक ए.ए. खान सस्पेंड किए गए हैं। कांग्रेस ने विधानसभा में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। पढ़ें पूरी खबर 5.छतरपुर: फेरों से पहले दूल्हे ने मांगे 20 लाख, बारात लौटी; सड़क जाम, 8 पर केस छतरपुर में फेरों से पहले दूल्हे ने दुल्हन पक्ष से 20 लाख रुपए की मांग की। रकम न मिलने पर वह बारात लेकर मंडप से लौट गया। नाराज लड़कीवालों ने छतरपुर–नौगांव रोड पर चक्काजाम किया। पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वरमाला हो चुकी थी, इसी दौरान मांग बढ़ाई गई। पढ़ें पूरी खबर 6.रतलाम में शादी का झांसा देकर 5 लाख ऐंठने का आरोप, युवक ने आत्महत्या की
रतलाम के ग्राम उपरवाड़ा में राहुल (32) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड किया, जिसमें अपनी प्रेमिका पर प्यार में धोखा देने और शादी का झांसा देकर 4-5 लाख रुपए ऐंठने का आरोप लगाया। पुलिस ने महिला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर उसे हिरासत में लिया। पढ़ें पूरी खबर 7. MP में नवंबर में टूटा 84 साल का रिकॉर्ड, दिसंबर में भी कड़ाके की ठंड और कोल्ड वेव
मध्य प्रदेश में नवंबर में रिकॉर्ड तोड़ सर्दी पड़ी। भोपाल में पारा 5.2°C पहुंचा, जो 84 साल में सबसे कम है, जबकि इंदौर में 25 साल में सबसे ज्यादा ठंड रही। दिसंबर में कई शहरों में रात का पारा 5°C से नीचे जाएगा। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और चंबल संभाग में कोल्ड वेव का असर रहेगा। अगले दो दिन में थोड़ी राहत मिलेगी। पढ़ें पूरी खबर पॉजिटिव खबर
8. जबलपुर में नेशनल टी-20 ब्लाइंड क्रिकेट का आगाज, 5 राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही जबलपुर के रानीताल स्टेडियम में नेशनल टी-20 क्रिकेट फॉर ब्लाइंड 2025-26 (राष्ट्रीय नागेश ट्रॉफी) का शुभारंभ हुआ। इसमें मध्यप्रदेश, बिहार, ओडिशा, हरियाणा और पुडुचेरी की टीमें हिस्सा ले रही हैं। पांच दिवसीय इस टूर्नामेंट में कुल 10 मुकाबले खेले जाएंगे। पढ़ें पूरी खबर खबर जरा हटके
9. बिना हेलमेट गाड़ी चलाने वालों को यमराज की चेतावनी:बोले- नियम नहीं माने तो अगला सफर मेरे साथ
अनूपपुर पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान (IPS) के निर्देश पर अनूपपुर जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता लाने के लिए एक अनूठी पहल की गई। शहडोल के कलाकार प्रकाश राव ने यमराज का रूप धारण कर बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों को रोका और यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया। यमराज के आकर्षक अंदाज को देखकर राहगीर भी रुककर नियमों की जानकारी लेते दिखे। पढ़ें पूरी खबर कल का बिग इवेंट 10. विधानसभा में पेश होगा नगर पालिका अध्यक्ष विधेयक, CM करेंगे मंत्रियों के कामकाज का रिव्यू
विधानसभा में नगर पालिका अध्यक्ष विधेयक पेश किया जाएगा। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंत्रियों के दो साल के कामकाज का रिव्यू भी करेंगे।


