MP दिनभर: MP दिनभर में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते है, एमपी में आज, क्या रहा खास. 1. भिंड में SDM पर रेत माफिया का हमला, गाड़ी को टक्कर मारी
भिंड में अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई के दौरान रेत माफिया ने एसडीएम की गाड़ी को टक्कर मार दी। लहार एसडीएम विजय सिंह यादव को सोमवार सुबह मिहोना बायपास पर बिना रॉयल्टी और ओवरलोड रेत ले जा रहे दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की सूचना मिली थी। रोकने पर एक ड्राइवर ने जानबूझकर ट्रैक्टर एसडीएम की गाड़ी में घुसा दिया। पुलिस ने दो ट्रॉलियां जब्त कीं। पढ़ें पूरी खबर 2. ब्यावरा में पदयात्रियों को कार ने कुचला, 2 की मौत
ब्यावरा में आगरा–मुंबई नेशनल हाईवे पर पदयात्रा कर रही महिला श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसा खानपुरा गांव के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नजदीक हुआ। एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर जा रही महिलाओं में दो की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को भोपाल रेफर किया है। पढ़ें पूरी खबर 3. रीवा में मनचले की बीच सड़क पिटाई, वीडियो वायरल रीवा के अस्पताल चौराहे पर महिला से अभद्रता करने वाले युवक की महिला ने बीच सड़क चप्पलों से पिटाई कर दी। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस के अनुसार अभी तक पीड़िता की ओर से शिकायत नहीं मिली है। वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर 4. MP में सीजन का पहला कोहरा, 14 जिलों में अलर्ट
मध्यप्रदेश में ठंड के सीजन का पहला घना कोहरा छाया। रीवा, मुरैना और रायसेन में विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर रह गई, जिससे वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। भोपाल में दृश्यता 500 से 1000 मीटर रही। मौसम विभाग ने 14 जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिन शीतलहर नहीं चलेगी, लेकिन सुबह-शाम ठंड बनी रहेगी। पढ़ें पूरी खबर 5. भेड़ाघाट में सेल्फी के दौरान महिला नर्मदा में गिरी, मौत जबलपुर के न्यू भेड़ाघाट में सेल्फी लेते वक्त एक महिला नर्मदा नदी में गिर गई। हादसा पति और 10 साल की बेटी के सामने हुआ। महिला की पहचान विजय नगर निवासी स्वाति गर्ग (36) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ शादी की सालगिरह मनाने आई थीं। घंटों तलाश के बाद शव दो किलोमीटर दूर स्वर्गद्वारी में मिला। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पढ़ें पूरी खबर 6. ग्वालियर में चलती कार से युवक-युवती का स्टंट, वीडियो वायरल
ग्वालियर के कटोरा ताल रोड पर चलती कार से युवक-युवती के खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में युवक कार का गेट खोलकर बाहर लटका दिख रहा है, जबकि युवती भी बाहर निकलने की कोशिश करती नजर आती है। ट्रैफिक पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू कर दी है। वाहन की पहचान कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर 7.उज्जैन में चाइनीज मांझे पर पुलिस की सख्ती, 47 रील जब्त
उज्जैन में पतंगबाजी के दौरान खतरनाक चाइनीज मांझे का इस्तेमाल रोकने पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। नीलगंगा थाना पुलिस ने मुखबिर सूचना पर पांच आरोपियों को पकड़ा और उनके कब्जे से करीब 30 हजार रुपए कीमत के 47 रील मांझे जब्त किए। आरोपियों का जुलूस निकाला गया और उन्हें उठक-बैठक करवाई। आरोपियों ने मांझा न बेचने की कसम भी खाई। पढ़ें पूरी खबर पॉजिटिव खबर
8. इंदौर: मासूम अनिका के लिए राजबाड़ा पर जुटे लोग, जन्मदिन पर मदद की अपील दुर्लभ बीमारी एसएमए टाइप-2 से जूझ रही ढाई साल की मासूम अनिका का तीसरा जन्मदिन इंदौर के राजबाड़ा पर मनाया। माता-पिता ने गोद में लेकर उसे मां अहिल्या की प्रतिमा तक पहुंचे और आशीर्वाद लिया। लोगों ने केक, खिलौने और 53,000 रुपए की मदद दी। क्राउड फंडिंग से 9 करोड़ रुपए जुटाने का अभियान जारी है। फिल्म और समाजसेवी भी अपील कर चुके हैं। पढ़ें पूरी खबर खबर जरा हटके
9. उज्जैन दरगाह में हनुमान चालीसा पाठ, कमेटी ने जताई आपत्ति
उज्जैन के शिप्रा नदी किनारे मौलाना मौज दरगाह में एक संत अपने शिष्यों के साथ हनुमान चालीसा पाठ करते नजर आए। दरगाह कमेटी ने कहा कि केवल चादर चढ़ाने और कव्वाली की अनुमति दी गई थी, हनुमान चालीसा का पाठ नहीं बताया गया। कमेटी ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने की बात कही। संत ने चादर चढ़ाने की अनुमति मांगी थी, उसके बाद परिसर में हुई गतिविधि पर कमेटी को जानकारी नहीं थी। पढ़ें पूरी खबर
कल का बिग इवेंट
10. कल से शुरू होगा खजुराहो अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल, पर्यटन मंत्री करेंगे उद्घाटन
विश्व पर्यटन नगरी खजुराहो में 11वां खजुराहो अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल 16 से 22 दिसंबर तक शिल्पग्राम परिसर में आयोजित होगा। पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। आयोजन दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र और असरानी को समर्पित रहेगा। फेस्टिवल में देश-विदेश की फिल्मों का प्रदर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और फिल्मी हस्तियों की मौजूदगी आकर्षण रहेगी।


