भोपाल के शिवाजी नगर स्थित अंकुर खेल ग्राउंड पर सोमवार को क्रिकेट मैच का नजारा बिल्कुल अनोखा था। खिलाड़ियों ने क्रिकेट की जर्सी की जगह धोती-कुर्ता पहन रखा था और हिंदी या अंग्रेजी के बजाय संस्कृत में कमेंट्री हो रही थी। माहौल ऐसा था, मानो यह क्रिकेट का मैदान नहीं बल्कि कोई यज्ञशाला हो। हर खिलाड़ी धोती-कुर्ता के साथ मस्तक पर त्रिपुंड और तिलक लगाए हुए था। गले में रुद्राक्ष की माला पहने हर खिलाड़ी का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। पिच पर रन लेने के दौरान भी सिर्फ संस्कृत भाषा का उपयोग हो रहा था। प्रदेश से आईं 19 टीमें
भोपाल में सोमवार, 6 जनवरी से महर्षि मैत्री मैच श्रृंखला-5 की शुरुआत हुई। आचार्य वेणीप्रसाद वरिष्ठ ने बताया कि महर्षि मैत्री समिति ने यह आयोजन किया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण भी गेंद का खेल खेलते थे। सदियों से क्रिकेट जैसी खेल परंपरा चली आ रही है। यह सांस्कृतिक और पारंपरिक खेल है, जो विचार और निर्णय लेने की क्षमता को बढ़ाता है। इसलिए पिछले 5 सालों से यह आयोजन हो रहा है। आयोजन समिति के अवनीश त्रिवेदी ने बताया कि इस बार पूरे मध्यप्रदेश से 19 टीमें आई हैं। भोपाल में लगातार 5वें साल यह टूर्नामेंट
धोती-कुर्ता में कर्मकांडी ब्राह्मण मैच खेल रहे हैं। पहला मैच आचार्य पाणीगृही चतुर्वेदी संस्कृत वैद पाठशाला और लक्ष्मीनारायण वैद्य विद्यालय के बच्चों के बीच हुआ, जिसमें आचार्य पाणीगृही चतुर्वेदी संस्कृत वैद पाठशाला की टीम विजेता रही। भोपाल में लगातार पांचवें वर्ष यह टूर्नामेंट किया जा रहा है। प्रदेश का पहला टूर्नामेंट, जहां संस्कृत में कमेंट्री
यह संभवत: प्रदेश का पहला ऐसा टूर्नामेंट है, जिसमें कमेंट्री संस्कृत भाषा में हो रही है। बता दें कि काशी में भी ऐसा ही एक टूर्नामेंट होता है, जिसमें संस्कृत भाषा में कमेंट्री की जाती है। पुरस्कार में वेद और पंचांग
प्रतियोगिता में पुरस्कार स्वरूप वेद की पुस्तकें दी जा रही हैं। “प्लेयर ऑफ द मैच” को वेद पुस्तक प्रदान की जाती है, जबकि “मैन ऑफ द सीरीज” के लिए पंचांग दिया जाता है। विजेता और उपविजेता टीमों को नकद राशि भी प्रदान की जाएगी। देखिए इस अनोखे टूर्नामेंट की तस्वीरें… इधर, सीएम ने इंटर प्रेस टूर्नामेंट की शुरुआत की
इधर, ओल्ड कैम्पियन ग्राउंड पर इंटर प्रेस का टूर्नामेंट शुरू हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की इसकी शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने दो बॉल खेली। पहली बॉल पर वे बोल्ड हो गए, लेकिन दूसरी बॉल पर उन्होंने लंबा शॉट मार दिया। बोल्ड होने के बाद मुख्यमंत्री समेत अन्य लोग जमकर हंस पड़े।


