MP में फिल्म ‘छावा’ टैक्स फ्री:शिवाजी महाराज की जयंती पर सीएम की घोषणा; कहा- ये फिल्म राष्ट्र प्रेम का संदेश देती है

विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ मध्यप्रदेश में टैक्स फ्री रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर रिलीज हुई इस फिल्म को पूरे प्रदेश में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। यह फिल्म शिवाजी महाराज के पुत्र संभाजी के जीवन पर आधारित है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को जबलपुर में स्टेडियम के लोकार्पण कार्यक्रम में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि संभाजी महाराज ने अपने जीवन में सभी यातनाएं सहते हुए राष्ट्र और धर्म के लिए अपने प्राण दे दिए थे। सीएम ने कहा कि फिल्म ‘छावा’ ऐतिहासिक फिल्म है। यह फिल्म राष्ट्र प्रेम का संदेश देती है। शिवाजी महाराज के पुत्र संभाजी महाराज की देश भक्ति और उनके जीवन की विभिन्न महत्वपूर्ण घटनाओं से नागरिकों को परिचित करवाने के लिए मध्यप्रदेश में फिल्म टैक्स फ्री रहेगी। फिल्म की कहानी क्या है? फिल्म की शुरुआत अजय देवगन की आवाज में मुगलों और मराठाओं के इतिहास की झलक के साथ होती है। औरंगजेब (अक्षय खन्ना) को खबर मिलती है कि छत्रपति शिवाजी महाराज नहीं रहे। इस खबर से औरंगजेब बहुत खुश होता है। औरंगजेब को लगता है कि अब वो आराम से मराठा साम्राज्य पर कब्जा कर लेगा। इस दौरान छत्रपति संभाजी महाराज (विक्की कौशल) मुगलों के सबसे कीमती शहर बुरहानपुर पर आक्रमण करके औरंगजेब की सेना को परास्त कर देते हैं। इस हार से औरंगजेब तिलमिला उठता है और गुस्से में मराठा साम्राज्य को खत्म करने की कसम खाता है। वो छत्रपति संभाजी महाराज को पकड़ने के लिए अपनी विशाल सेना के साथ मराठा साम्राज्य की तरफ कूच करता है। फिल्म में दिखाया गया है कि मुगल सेना छत्रपति संभाजी महाराज को पकड़कर औरंगजेब के सामने लाती है और उन्हें प्रताड़ित किया जाता है। इस फिल्म में अक्षय खन्ना, डायना पेंटी, आशुतोष राणा, दिव्या दत्ता, विनीत कुमार सिंह की भी अहम भूमिका है। लक्ष्मण उतेकर के डायरेक्शन में बनीं इस फिल्म को मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले दिनेश विजान ने प्रोड्यूस किया है। इस फिल्म की लेंथ 2 घंटे 41 मिनट है। सीएम ने किया गौशाला का भूमिपूजन किया
जबलपुर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गौशाला का भूमिपूजन भी किया। उन्होंने कहा कि अब कहीं गाय को लावारिस नहीं रहने दिया जाएगा, इसलिए सब बड़े शहरों में बड़ी-बड़ी गौशालाएं बनाई जा रही हैं। गौशालाओं की क्षमता 10000 गाय रखने की होगी। 21 गौशालाएं अलग से बना रही हैं। गांव-गांव को वृंदावन बनाना है। जबलपुर के वार्ड नंबर 79 में 10 करोड़ की लागत से नगर निगम हाईटेक गौ-शाला का निर्माण कर रहा है। गौ-शाला करीब 53 एकड़ में आकार लेगी। इस गौ-शाला के बनने के बाद सड़क पर घूम रहे गोवंश को आश्रय मिलेगा। भविष्य में यहां पर बायो गैस और गौमूत्र प्लांट लगाने की भी योजना है। सीएम को ज्ञापन देने जा रहे कांग्रेसी गिरफ्तार
इससे पहले सीएम से मिलने जा रहे कांग्रेस पार्षद दल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेस पार्षदों ने 5 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने की जिला प्रशासन से अनुमति मांगी थी। अनुमति नहीं मिलने पर भी मुख्यमंत्री से मिलने जा रहे 15 कांग्रेसी पार्षदों को नगर निगम परिसर से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पार्षदों का कहना है कि महापौर से नगर निगम की व्यवस्था नहीं संभल रही है। मुख्यमंत्री को हस्तक्षेप करना चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *