नीमच में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 1 जनवरी से 31 जनवरी तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत शनिवार को शहर की सड़कों पर जागरूकता रैली निकाली गई। यातायात थाना प्रभारी सोनू बडगूजर के नेतृत्व में यातायात पुलिस और लगभग 40 एनसीसी कैडेट्स ने यातायात थाने से कमल चौक तक एक जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान एनसीसी के छात्र-छात्राओं ने आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया। कमल चौक पर टीम ने विशेष रूप से उन वाहन चालकों को रोका जो यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। पुलिस और कैडेट्स ने लोगों को समझाया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट बांधना केवल कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन रक्षा के लिए अनिवार्य है। मौके पर मौजूद लोगों को बाइक पर तीन सवारी न बैठाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने की सख्त हिदायत दी गई। थाना प्रभारी सोनू बडगूजर ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को यातायात अनुशासन के प्रति जिम्मेदार बनाना है। इस अभियान में यातायात पुलिस के जवानों सहित एनसीसी के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिन्होंने अपनी सक्रिय भागीदारी से इसे सफल बनाया।


