सरगुजा जिले के लहपटरा में तीन दिनों से लापता युवक का शव अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे के किनारे कुएं में मिला है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव को बरामद किया। युवक अपने भाई के साथ सिलफिली बटालियन में चल रही आरक्षक भर्ती रैली में शामिल होने गया था। वापस लौटने के दौरान वह कार से उतरकर भाग गया था। घटना लखनपुर थानाक्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम रामपुर निवासी अजय कुमार दुबे (29) अपने भाई प्रेम कुमार दुबे के साथ 17 दिसंबर को सिलफिली स्थित 10वीं बटालियन में चल रही आरक्षक भर्ती परीक्षा में फिजिकल टेस्ट देने गया हुआ था। फिजिकल टेस्ट देकर दोनों भाई कार से देर शाम वापस घर लौट रहे थे। कार को अजय दुबे चला रहा था। कार रोककर पीछे भागा, तीन दिनों तक लापता
नेशनल हाइवे 130 पर स्थित टोल नाका पार करने के बाद ग्राम लहपटरा के पास अजय दुबे ने कार को अचानक रोक दिया और कार से उतरकर पीछे की ओर भागने लगा। प्रेम दुबे को कुछ समझ में नहीं आया। उसने भी कार से उतरकर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन अंधेरा अधिक हो जाने के कारण अजय दुबे को वह नहीं देख पाया। काफी देर तक आसपास खोजबीन के बाद वह कार लेकर घर पहुंचा एवं परिजनों को अजय दुबे के गायब हो जाने की जानकारी दी। परेशान परिजनों ने भी उसकी खोजबीन की कोशिश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। उसका मोबाइल भी लगातार बंद मिल रहा था। इसकी सूचना लखनपुर पुलिस को दी गई। एनएच किनारे कुएं में मिला शव
शुक्रवार दोपहर लहपटरा में नेशनल हाइवे के किनारे एक खेत में बने कुएं में ग्रामीणों ने शव को तैरता देखा एवं इसकी सूचना पुलिस को दी। लखनपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को निकलवाया एवं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव के पास मिले दस्तावेजों से शव की शिनाख्त अजय दुबे के रूप में की गई। घटना की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंचे। आशंका है कि रात के अंधेरे में भागने के दौरान अजय दुबे कुएं में गिर गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। वह क्यों भाग रहा था? इस संबंध में जानकारी नहीं मिल पा रही है। युवक की मौत से परिजन भी सदमें में हैं। लखनपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।


