मऊगंज जिले के हनुमना शासकीय महाविद्यालय में सोमवार को NSUI ने विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, शिक्षा व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की कमी का आरोप लगाते हुए NSUI कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर दी। इसके चलते करीब तीन घंटे तक कॉलेज का शिक्षण कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा। छात्रों ने की सुरक्षा और सुविधाओं की मांग NSUI के ब्लॉक अध्यक्ष रितेश गुप्ता के नेतृत्व में सोमवार दोपहर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कॉलेज के मुख्य द्वार पर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कॉलेज परिसर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं और विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं। कमरों और शिक्षकों की कमी छात्र नेताओं ने बताया कि लगभग 1000 विद्यार्थियों के लिए सिर्फ दो कमरों में कक्षाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। कई विषयों में शिक्षक पद रिक्त हैं। केमिस्ट्री जैसे महत्वपूर्ण विषय में लंबे समय से शिक्षक की कमी बनी हुई है। इसके अलावा शुद्ध पेयजल, बैठने की व्यवस्था और कॉलेज गेट के पास भारी वाहनों व कचरे की समस्या भी प्रमुख मुद्दे रहे। तालाबंदी से बढ़ा तनाव, पुलिस बल तैनात कॉलेज में तालाबंदी के कारण कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। प्रशासन ने सुनी छात्रों की बात आंदोलन की सूचना मिलने पर एसडीओपी सचि पाठक और एसडीएम रश्मि चतुर्वेदी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। एसडीएम रश्मि चतुर्वेदी ने बताया कि महाविद्यालय फिलहाल एक पुरानी और जर्जर स्कूल भवन में संचालित हो रहा है, जहां पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं हैं। एसडीएम बोले- शासन को भेजेंगे प्रस्ताव एसडीएम ने छात्राओं की सुरक्षा, शिक्षकों की कमी और बुनियादी सुविधाओं को लेकर शासन स्तर पर पत्राचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को अवगत कराया जाएगा। आश्वासन के बाद समाप्त हुआ आंदोलन प्रशासन से लिखित आश्वासन मिलने के बाद करीब तीन घंटे से चल रहा आंदोलन शांत हो गया और तालाबंदी खोल दी गई। यह प्रदर्शन पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना के मार्गदर्शन में रितेश गुप्ता और अनुराग यादव के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल रहे।


