मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को इंदौर प्रवास के दौरान अपने ही कार्यकर्ताओं के सामने पार्टी के भीतर की स्थिति को लेकर अपनी बेबसी जाहिर की। एक अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा, ‘भैया, मैं तो खुद वनवास भुगत रहा हूं।’ उनका यह बयान अब प्रदेश की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है। मध्यप्रदेश कांग्रेस में अंदरूनी कलह और गुटबाजी की खबरें पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन इस बार खुद PCC अध्यक्ष के शब्दों ने पार्टी के भीतर तालमेल और नेतृत्व की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इंदौर में कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा के दौरान पटवारी का दर्द खुलकर सामने आया। कार्यकर्ताओं के बीच छलका दर्द
इंदौर में हुई अनौपचारिक चर्चा के दौरान जब कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक समस्याओं और जमीनी हालात पर बात की, तो जीतू पटवारी ने अपनी स्थिति को लेकर खुलकर बात की। उनका यह बयान केवल हंसी-मजाक तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे पार्टी के भीतर उनकी भूमिका और वरिष्ठ नेताओं के साथ संबंधों से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह टिप्पणी कांग्रेस संगठन में चल रही खींचतान और सीमित अधिकारों की ओर इशारा करती है।


