सड़क सुरक्षा माह चल रहा है। लेकिन भरतपुर की सड़क पर गुरुवार की इस तस्वीर ने झकझोर कर रख दिया। बाइक से ई-रिक्शा टच होने की मामूली बात पर RAC के हेड कॉन्स्टेबल ने दिव्यांग ई-रिक्शा चालक को बेरहमी से पीटा। उसने उसे रिक्शे से खींचकर रोड पर पटका और लात-घूंसे बरसा दिए। लोग और ट्रैफिक पुलिसकर्मी तमाशा देखते रहे। घटना पर एसपी ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। भरतपुर के मथुरा गेट थाना इलाके में ई-रिक्शा चालक को पीटने वाले बाइक सवार की पहचान सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। सुरेंद्र सिंह आरएसी की 7वीं बटालियन में हेड कॉन्स्टेबल है। एसपी ने विभागीय कार्रवाई के लिए 7वीं बटालियन के कमांडेंट को लेटर लिखा है। साथ ही मथुरा गेट थाना अधिकारी को भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। एसपी मृदुल कच्छावा ने लिया संज्ञान शहर के बिजली घर चौराहे पर गुरुवार को एक दिव्यांग ई-रिक्शा चालक का ई-रिक्शा सुरेंद्र की बाइक से टच हो गया था। जिसके बाद सुरेंद्र ने दिव्यांग ई-रिक्शा चालक को मौके पर लात घूसों से बुरी तरह पीटा। इस घटना का लाइव वीडियो मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने बना लिया। दैनिक भास्कर डिजिटल पर खबर चलने के बाद एसपी मृदुल कच्छावा ने मामले पर संज्ञान लिया। वीडियो के आधार पर बाइक सवार सुरेंद्र सिंह की पहचान की गई। बाइक पर लगा का पुलिस का स्टिकर गुरुवार को सुरेंद्र के पास जो बाइक थी उस पर पुलिस का स्टिकर लगा हुआ था। इसके अलावा घटना के दौरान वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने बाइक का फोटो भी खींच लिया था। जिसके बाद एमबी एक्ट के तहत सुरेंद्र सिंह का 1 हजार का चालान भी काट दिया गया था।


