राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित आरएएस प्रारंभिक परीक्षा आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हुई। सिरोही जिला मुख्यालय के 16 और शिवगंज उपखंड के 7 केंद्रों पर कुल 6111 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति दी गई। हालांकि इस दौरान कुछ परीक्षार्थी ऐसे भी थे जिनके 11:00 बजने में 1 मिनट बाकी था, लेकिन कोई आधार कार्ड, प्रवेश पत्र तो कोई फोटो ही लेकर नहीं आया था, ऐसे में उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर द्वारा रविवार को राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय सिरोही के 16 परीक्षा केन्द्र, उपखण्ड मुख्यालय शिवगंज के 7 परीक्षा केन्द्र कुल 23 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा आयोजित की कई। इस परीक्षा में कुल 6111 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा व्यवस्था शांतिपूर्ण बनाए रखने को लेकर जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी, एएसपी देवाराम चौधरी, एडीएम हरिसिंह देवल सहित कई अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने बताया कि पेपर हार्ड जरूर था लेकिन उनका पेपर अच्छा हुआ, इस दौरान परीक्षा देकर वापस लौट रहे अभ्यर्थियों के अधिकतर चेहरे पर मुस्कुराहट नजर आई।


