राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की 10वीं-12वीं की परीक्षाएं 6 मार्च से शुरू होंगी। इसकी तैयारियों को लेकर जिला शिक्षा अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्रों की सुरक्षा से लेकर परीक्षा समाप्ति तक पुख्ता इंतजाम पर जोर दिया गया। वीडियोग्राफी से होगी निगरानी बैठक को संबोधित करते हुए बोर्ड प्रशासक महेश चन्द्र शर्मा ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में राज्य के 19 लाख 98 हजार 509 से भी अधिक परीक्षार्थियों का भविष्य तथा उनके अभिभावकों के भावी सपने और आकांक्षाएं जुड़ी है। जिला मुख्यालय पर प्रश्न-पत्र पहुंचने के बाद परीक्षा समाप्ति तक प्रश्न पत्रों की गोपनीयता व सुरक्षा की सम्पूर्ण जिम्मेदारी जिला परीक्षा संचालन समिति की होगी। बोर्ड का केन्द्रीय नियंत्रण कक्ष एक मार्च से 5 अप्रैल तक 24 घंटे कार्यरत रहेगा। राज्य के सभी चयनित परीक्षा केन्द्रों पर प्रश्न-पत्रों की अलमारी से प्रश्न-पत्र निकालने से लेकर केंद्र पर लिफाफे खोलने, वितरण करने की प्रतिदिन वीडियोग्राफी और सीसीटीवी के जरिए निगरानी कराई जाए। इसके अलावा अन्य जिलों में किसी एक उड़नदस्ते से प्रतिदिन रोटेशन से वीडियोग्राफी की व्यवस्था भी कराई जाए। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए कन्ट्रोल रूम के दूरभाष नम्बर 0145-2632866, 2632867, 2632868 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस थाने में रखे जाएंगे पेपर्स प्रशासक महेश चन्द्र शर्मा ने कहा कि परीक्षा को सुव्यवस्थित शुचितापूर्ण करवाने एवं उत्तर पुस्तिकाओं का गुणवत्तापूर्ण समयबद्ध मूल्यांकन करने के निर्देश दिए। परीक्षा केन्द्रों के प्रश्न पत्र पुलिस थाने में शिक्षा विभाग की अलमारियों में रखे जाएंगे। प्रश्न पत्र के परिवहन के लिए वाहनों का चिन्हीकरण कर सुरक्षा की दृष्टि से पुख्ता इंतजाम किया जाए। सीएम स्तर पर की जा रही मॉनिटरिंग बोर्ड सचिव कैलाश चन्द्र शर्मा ने कहा कि बोर्ड पर रीट एवं बोर्ड परीक्षाएं करवाने परीक्षाओं का निष्पक्ष गोपनीय एवं पारदर्शी आयोजन करवाने का चुनौतीपूर्ण दायित्व है। दोनों परीक्षाओं में जिला परीक्षा संचालन समिति के माध्यम से नीतिगत निर्णय लेते हुए। मुख्यमंत्री के स्तर से परीक्षाओं की मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या अनुसार वीक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसमें 25 विद्यार्थियों पर एक वीक्षक, 26 से 50 पर 2, 51 से 75 तक 3 एवं 76 से 100 तक 4 वीक्षक नियुक्त किए जाएंगे। परीक्षा समापन पर उत्तर पुस्तिका के पैकेट बोर्ड द्वारा स्थापित संग्रहण केन्द्र पर सुरक्षित रूप से भिजवाया जाना सुनिश्चित करें। स्कूल ड्रेस में ही आना होगा विशेषाधिकारी नीतू यादव ने बताया कि केन्द्राधीक्षक एवं वीक्षक प्रश्न पत्र के लिफाफे खोलने से पूर्व उन पर अंकित दिनांक समय एवं विषय का परीक्षा कार्यक्रम से मिलान करना होगा। परीक्षार्थियों को विद्यालय गणवेश में ही परीक्षा केन्द्रों पर जाने के लिए निर्देशित किया जाए। परीक्षार्थी का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे एवं परीक्षा केन्द्र पर किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं लाए जाने के निर्देश दिए जाए। परीक्षा से लाखों बच्चों का भविष्य जुड़ा हुआ है। इसके लिए टीम रूप में समन्वय से परीक्षा सम्पादित करवाया जाना सुनिश्चित करें। बता दें कि परीक्षा 6 मार्च से शुरू होंगी। जहां 10वीं की परीक्षा 4 अप्रैल और 12वीं की 7 अप्रैल तक चलेगी। दोनों एग्जाम के लिए 6187 सेन्टर बनाए गए है और करीब 20 लाख स्टूडेंट्स शामिल होंगे। यहां देंखे TIME-TABLE


