राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (आरपीटीसी) जोधपुर का दीक्षांत परेड समारोह गुरुवार सुबह सुल्तान सिंह स्टेडियम में भव्य रूप से आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईजी राजेश मीणा रहे। समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि के औपचारिक अभिवादन से हुई, जिसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। राज्य के विभिन्न जिलों से आए नव आरक्षियों के परेड प्रदर्शन ने मौजूद अतिथियों और अधिकारियों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि ने नव आरक्षियों को बधाई देते हुए कहा कि पुलिस सेवा राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण की सबसे बड़ी मिसाल है। उन्होंने नव आरक्षियों से ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी निभाने का आह्वान किया। इस मौके पर आरपीटीसी जोधपुर के प्राचार्य अमित जैन समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशिक्षकगण मौजूद रहे। समारोह में राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र, जोधपुर के नव आरक्षी प्रशिक्षु बैच संख्या 89/2025 तथा पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) जोधपुर के नव आरक्षी प्रशिक्षु बैच संख्या 40/2025 के जवान शामिल हुए। दीक्षांत परेड में नव आरक्षियों ने दक्षता, शारीरिक क्षमता और पुलिस सेवा के प्रति समर्पण का अनुकरणीय प्रदर्शन किया। समारोह के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आरक्षियों को सम्मानित भी किया गया।


