राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में जिलेभर में पथ संचलन व शस्त्र पूजन के कार्यक्रम आयोजित किया जा रहे हैं। शुक्रवार को मेहंदीपुर बालाजी कस्बे में स्वयंसेवकों ने पथ संचलन निकाला। आदर्श विद्या मंदिर स्कूल में विजयादशमी उत्सव के बाद घोष की धुन पर स्वयंसेवकों ने मुख्य बाजार और उदयपुरा रोड पर कदमताल किया। जहां कई लोगों ने पुष्प वर्षा कर संचलन का स्वागत किया। वहीं दौसा शहर में भी संघ की स्थापना पर स्वयंसेवकों ने विजयादशमी उत्सव मनाया। अम्बेडकर बस्ती, आदर्श शाखा, करणी नगर, भगत सिंह शाखा के स्वयंसेवकों ने शस्त्र पूजन के बाद पथ संचलन किया। पूर्ण गणवेश में सधे हुए कदम मिलाकर चल रहे अनुशासित स्वयंसेवकों को देख लोग आरएसएस के बारे चर्चा करते हुए देखे गए। लोगों ने वन्देमातरम और भारत माता के जयकारे लगाए। वक्ताओं ने कहा- संघ ने शताब्दी वर्ष में पंच प्रण का आह्वान किया है कि सामाजिक समरसता, स्वदेशी, पर्यावरण, कुटुंब प्रबोधन व नागरिक कर्तव्य आदि विषयों को समाज में लागू करने के साथ हमें अपने परिवारों में व्यवहार में लाना होगा। ऐसे में सभी को राष्ट्र सर्वोपरि के भाव के साथ काम करना होगा।


