RSS शताब्दी वर्ष पर हिंदू सम्मेलन और कलश यात्रा:रायसेन में बच्चों ने महापुरुषों के रूप धारण किए, एकता व समरसता का संदेश

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर रविवार को रायसेन शहर की दो बस्तियों में हिंदू सम्मेलन आयोजित किए गए। इन सम्मेलनों से पहले ताजपुर रोड स्थित ग्लोबल स्कूल परिसर और गोपालपुर में भव्य कलश यात्राएं निकाली गईं, जिनमें बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग शामिल हुए। कलश यात्राओं में बच्चों ने महापुरुषों की वेशभूषा धारण की। रानी दुर्गावती, अवंतिका बाई, भारत माता, रानी लक्ष्मीबाई और वीर शिवाजी महाराज के रूप विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इस दौरान पूरे क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण निर्मित हुआ। गोपालपुर बस्ती में शीतल सिटी कॉलोनी स्थित मंदिर से कलश यात्रा शुरू होकर रानी दुर्गावती छात्रावास मैदान पहुंची, जहां सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता अमिता त्रिपाठी ने समाजजनों को संबोधित किया। रानी दुर्गावती छात्रावास की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं, अवंतिका बस्ती के ग्लोबल स्कूल परिसर में आयोजित हिंदू सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक सौरभ मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने समाज में एकता, समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया। दोनों सम्मेलनों में भारत माता की आरती के बाद विशाल सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में हजारों की संख्या में बस्तीवासियों ने भाग लिया, जिससे सकल हिंदू समाज की सामाजिक समरसता का संदेश प्रसारित हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *