मंडला शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए रविवार को जिला प्रशासन ने कलेक्टर सोमेश मिश्रा के नेतृत्व में अभियान चलाया। इस दौरान प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों से अवैध अतिक्रमण हटाए गए। कलेक्टर खुद मौके पर मौजूद रहे और कार्रवाई की निगरानी करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। दुकानदारों और ठेले वालों से बातचीत की अभियान के दौरान कलेक्टर ने दुकानदारों और ठेले-फेरी वालों से भी बात की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कें आम लोगों की सुविधा, यातायात और आपातकालीन सेवाओं के लिए हैं। अतिक्रमण से यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है। कलेक्टर ने कहा कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखना सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही, सड़क किनारे अनधिकृत होर्डिंग्स और बोर्ड लगाने पर भी रोक लगाई जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई कलेक्टर ने उद्योग विभाग को दुकानदारों के अनुमतियों और लाइसेंस की जांच के लिए दल गठित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पहले चरण में समझाइश और सहयोगात्मक रवैया अपनाया जाएगा, लेकिन नियमों का उल्लंघन जारी रहने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त टीम के सदस्यों ने की कार्रवाई नगर प्रशासन, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। कलेक्टर ने भविष्य में नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए और कहा कि दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था और चिह्नांकन कर व्यवस्थित व्यापार सुनिश्चित किया जाएगा। यह रहे उपस्थित इस अभियान में अपर कलेक्टर राजेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम सोनल सिडाम, नगर पालिका अधिकारी गजानंद नाफड़े सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


